Satna News: सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदाम के फर्श पर खर्राटे भरता मिला बदमाश

सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गोदाम के फर्श पर खर्राटे भरता मिला बदमाश
लाखों का सामान लेकर साथी हो गए फरार

डिजिटल डेस्क,सतना। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खेरमाई रोड में चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने व्यापारी समेत पुलिस को भी हैरत में डाल दिया है। हुआ कुछ ऐसा कि एक गोदाम में साथियों समेत चोरी करने घुसा बदमाश सबकुछ भूलकर वहीं फर्श पर खर्राटे भरने लगा और तब जागा जब अगले दिन व्यापारी अपने गोदाम पहुंचे, जबकि उसके बाकी साथी लाखों का सामान समेटकर चंपत हो गए।

इस मामले में पुलिस ने बदमाश को हिरासत में लेने के साथ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक व्यवसायी बिहारीलाल बाधवानी खेरमाई रोड पर बिहारी ट्रेडर्स के नाम से एसी, फ्रिज, कूलर समेत इलेक्ट्रॉनिक सामान का थोक व्यापार करते हैं और ज्यादातर सामान गोदाम में स्टोर करते हैं।

दूसरे बदमाशों को नहीं लगी भनक

शनिवार शाम को जब वह कर्मचारियों समेत दुकान बंद कर घर चले गए, तब देर रात शातिर बदमाश एसी की आउटडोर यूनिट हटाकर गोदाम में घुस गए और कीमती इलेक्ट्रॉनिक सामान समेटने लगे। इसी दौरान एक बदमाश को नींद आ गई और वह फर्श पर लेटकर सो गया। इस बात से अंजान बाकी चोर इलेक्ट्रॉनिक सामान समेटकर चंपत हो गए।

तब सामने आई वारदात

रविवार सुबह जब बिहारीलाल बाधवानी गोदाम पर पहुंचे तो सामान अस्त-व्यस्त दिखा, तो अज्ञात युवक फर्श पर सोता मिला, जिस पर उन्होंने तुरंत थाने में सूचित किया, तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध को हिरासत में ले लिया, जिसकी पहचान शिब्बू कोल निवासी पुष्पराज कॉलोनी के रूप में की गई।

प्राथमिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी में शामिल होने का जुर्म कबूल कर लिया है, ऐसे में अब उसके जरिए अन्य चोरों को घेरने के प्रयास किए जा रहे हैं। इस मामले में पीड़ित व्यापारी की रिपोर्ट पर अपराध भी पंजीबद्ध किया गया है।

Created On :   8 Jun 2026 6:02 PM IST

Tags

Next Story