- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सतना
- /
- डीआईजी ने घोषित किया था गिरफ्तारी...
बारापत्थर हत्याकांड: डीआईजी ने घोषित किया था गिरफ्तारी पर 20 हजार का इनाम

डिजिटल डेस्क,सतना। बारापत्थर हत्याकांड का फरार मुख्य आरोपी चंदन पुत्र गौरीशंकर यादव 35 वर्ष, को अंतत: 41 दिन की तलाश के बाद पन्ना जिले के धरमपुर क्षेत्र से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। आरोपी की निशानदेही पर सिंहपुर रोड में कतकोन पुलिया के नीचे छिपाई गई 32 बोर की पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।
पूछताछ और घटना के नाट्य रूपांतरण के बाद आरोपी चंदन को गुरुवार दोपहर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीआईजी हेमंत चौहान ने 20 हजार का इनाम घोषित किया था। इस सनसनीखेज वारदात में अब सिर्फ राजू लोहार की गिरफ्तारी शेष रह गई है।
भाई की पिटाई का बदला लेने खेला खूनी खेल
गौरतलब है कि होली के दिन चाचा अभय उर्फ बब्लू यादव 50 वर्ष, के द्वारा छोटे भाई शरद यादव को भला-बुरा करने और 2-3 तमाचे जड़ देने की बात पता चलने पर पैरोल से फरार हिस्ट्रीशीटर चंदन ने जेल के पुराने साथियों आलोक सोनी, राजू लोहार, प्रेम पुरवार और संजय साकेत के साथ मिलकर बदला लेने का प्लान बना लिया।
योजना के मुताबिक सभी आरोपी गांव से दूर एक जंगल में मिले और फायरिंग की प्रैक्टिस कर रात साढ़े 9 बजे गांव पहुंच गए, जहां प्रेम और संजय बाइक लेकर गांव के नुक्कड़ पर निगरानी रखने लगे, तो चंदन, राजू और आलोक सीधे बब्लू के दरवाजे पर पहुंचे और घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए मौत के घाट उतार दिया, इसके बाद आरोपी मृतक के बेटे राणा यादव की दुकान पर पहुंचे और उसे भी गोली मारकर फरार हो गए।
सगे भाई समेत 5 पहले से जेल में
इस घटना की शिकायत मिलने पर जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस ने हमलावरों का सहयोग करने पर चंदन के भाई शरद को आरोपी बनाया तो फरारी में कपड़े और जरूरी सामान पहुंचाने पर अमर उर्फ बृजेन्द्र बागरी को भी नामजद कर जेल भेज दिया। बीते 4 अप्रैल को आलोक सोनी, संजय साकेत और प्रेम पुरवार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया, जिनके कब्जे से दो बाइक और वारदात में प्रयुक्त पिस्टल व कारतूस जब्त किए गए थे।
दानापुर और पटना में रहा, दो बार गुजरात गया
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी रातोंरात सतना और रामपुर भाग निकले, अगले दिन मनगवां होते हुए प्रयागराज पहुंचे, वहां से ट्रेन में बैठकर दानापुर-बिहार चले गए, जहां मुख्य आरोपी चंदन की ननिहाल है। अन्य आरोपी तो तीन दिन बाद वापस आ गए, मगर शातिर बदमाश वहीं रुक गया।
कुछ समय पश्चात आरोपी बुआ के घर चला गया, तो रिश्तेदारों पर बढ़ते पुलिस के दबाव के बीच बिहार से गुजरात भाग गया। वहां भी ज्यादा दिन रुकने के बजाय एमपी लौट आया, पर गिरफ्तारी से बचने फिर से सूरत चला गया। आरोपी ने सीधी जिले के खड्डी में भी कुछ दिन तक फरारी काटी है।
अबकि यूपी जाने की फिराक में था
हाल ही में जब वारदात में शामिल उसके साथी और परिवार के लोग पकड़े जाने लगे तो चोरी-छिपे लौट आया, मगर घर जाने की बजाय पन्ना में एक रिश्तेदार के घर पर रुक गया, वहीं से बुधवार को यूपी भाग रहा था, तभी नागौद और बरौंधा पुलिस ने बृजपुर थाना क्षेत्र के मौकत गांव में घेराबंदी कर पकड़ लिया।
आरोपी चंदन पर हत्या समेत कई गंभीर अपराध दर्ज हैं, एक मामले में उसे सजा भी पड़ चुकी है, जिसमें नवंबर 2025 में पैरोल पर जेल से बाहर आते ही आरोपी फरार हो गया था।
Created On :   17 April 2026 1:17 PM IST












