Satna News: दो साल से ड्यूटी पर नहीं आ रहे छात्रावास अधीक्षक की गड्ढे में मिली लाश

दो साल से ड्यूटी पर नहीं आ रहे छात्रावास अधीक्षक की गड्ढे में मिली लाश
मर्ग कायम कर जांच में जुटी रामनगर पुलिस

Satna News: रामनगर थाना अंतर्गत दधीच टोला के पास एक गड्ढे में भरे पानी में आदिवासी आश्रम शाला अधीक्षक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई, जिस पर मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि लल्लू दास पड़वार पुत्र चंदन लाल पड़वार 57 वर्ष, निवासी कस्तूरी पाला-डोंगरी, थाना राजेन्द्र ग्राम, जिला अनूपपुर, की ड्यूटी दुअरिया आश्रम शाला में अधीक्षक के तौर पर लगाई गई थी, मगर बीते दो वर्षों से वह बिना कोई सूचना दिए अनुपस्थित चल रहे थे।

3-4 दिन पहले अचानक वह दुअरिया लौटे और किराये के कमरे में रहने लगे, लेकिन मंगलवार की सुबह उनकी लाश दधीच टोला में मुख्य मार्ग के किनारे नल-जल योजना कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे के पानी में पड़ी मिली, जिससे इलाके में हडक़ंप मच गया।

ग्रामीणों से मिली सूचना

ग्रामीणों से इस बात की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत परिजनों को सूचित करते हुए रामनगर बुलाया तो भाई अमित पड़वार समेत कई रिश्तेदार दोपहर बाद थाने पहुंचे, जहां पंचनामा बनाते हुए पोस्टमार्टम कराया गया। तब परिवार के लोग शव लेकर अनूपपुर लौट गए।

अभी तक की जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लल्लू दास कब और कैसे गड्ढे में गिरकर मौत के मुंह में समा गए। वहीं परिवार के लोगों से भी विस्तृत बयान नहीं हो पाए हैं, जिसके कारण ड्यूटी से गायब रहने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया।

Created On :   18 Feb 2026 2:56 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story