- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सिवनी
- /
- घर लौट रहे मजदूर पर मादा रीछ ने...
Seoni news: घर लौट रहे मजदूर पर मादा रीछ ने किया हमला

डिजिटल न्यूज़ सिवनी
बारिश के कारण काम से लौटने में हुई देरी एक मजदूर के लिए भारी पड़ गई। शुक्रवार शाम अंधेरा होने के दौरान कुरई वन परिक्षेत्र के जंगल से गुजर रहे मजदूर पर मादा रीछ ने हमला कर दिया। रीछ के साथ उसके दो शावक भी मौजूद थे। हमले में धोबीटोला निवासी भारतलाल (45) पिता सोविंदराम पंद्रे गंभीर रूप से घायल हो गया ।प्राथमिक उपचार के बाद उसे नागपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार भारतलाल सीतापठोर में मजदूरी का काम करने के बाद साइकिल से अपने गांव धोबीटोला लौट रहा था। बारिश के चलते उसे लौटने में देर हो गई। जब वह अंधेरा होने के दौरान वन कक्ष क्रमांक PRF/306 के पगडंडी मार्ग से गुजर रहा था , तभी रास्ते में मौजूद मादा रीछ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि रीछ के साथ दो शावक भी थे। शावकों की मौजूदगी के कारण रीछ के आक्रामक होने की आशंका जताई जा रही है।
अचानक हुए हमले से भारतलाल संभल नहीं सका और गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरई पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए नागपुर रेफर कर दिया।
अंधेरा और बारिश बनी जोखिम की वजह
घटना ने जंगल से लगे मार्गों पर शाम के बाद आवाजाही के दौरान बढ़ने वाले वन्यजीव संघर्ष के खतरे को भी सामने ला दिया है। बारिश के मौसम में जंगल के पगडंडी मार्गों पर दृश्यता कम होने के साथ वन्यजीवों की सक्रियता भी बढ़ जाती है। ऐसे में ग्रामीणों और मजदूरों के लिए शाम के बाद जंगल से होकर आने-जाने वाले रास्तों पर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।
Created On :   26 Sept 2026 1:22 PM IST










