सिवनी न्यूज: जिले के कई स्कूलों में मध्यान्ह भोजन वितरण व्यवस्था लडख़ड़ाई

जिले के कई स्कूलों में मध्यान्ह भोजन वितरण व्यवस्था लडख़ड़ाई
शाला प्रबंधन समिति पर बोझ, कई जगह खानापूर्ति

डिजिटल डेस्क सिवनी |जिले के कई सरकारी स्कूलों में पिछले पांच दिनों से मध्यान्ह भोजन वितरण व्यवस्था लडख़ड़ाई हुई है। दरअसल, प्रांतीय महिला स्व सहायता समूह महासंघ ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु कर दी है। ऐसे में जिन स्कूलों में समूह द्वारा भोजन बनाया जाता है वहां पर अब शाला प्रबंधन समिति (स्कूल मैनेजमेंट कमेटी) को जिम्मा दिया गया है। हालांकि कमेटी इस व्यवस्था को पूरा करने में खानापूर्ति कर रही है।

समूह की ये है परेशानी

महासंघ की जिलाध्यक्ष सरिता चौहान ने बताया कि महिला स्व-सहायता समूह को चार माह से मानदेय नहीं मिला है। ऐसी स्थिति में रसोइया को वेतन का भुगतान नहीं हो पा रहा। अनाज तो मिल रहा है, लेकिन मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए अन्य सामग्री के लिए फंड की दिक्कतें हो रही हैं। कई किराना दुकानों पर समूह का बिल भी बढ़ गया है। छात्र संख्या के अनुसार पर्याप्त राशन और मानदेय नहीं मिल रहा है।

स्कूलों में हो रही परेशानी

समूहों को सप्ताह के मेनू के अनुसार मध्यान्ह भोजन देना है, लेकिन शाला प्रबंधन समिति मेनू के अनुसार काम नहीं कर पा रही। कहीं-कहीं तो पुलाव बांट दिया जा रहा है। समिति कहीं और से भोजन बनवाकर छात्रों को परोस रही है। बताया गया कि कुरई के घाटकोहका, भोंडकी, मुरेर, मुरेर कटंगी आदि स्कूलों में मध्यान्ह वितरण व्यवस्था प्रभावित हुई है।


Created On :   20 Sept 2026 2:18 PM IST

Tags

Next Story