Seoni News: सिवनी-बालाघाट फोरलेन निर्माण को लेकर सड़क पर उतरे लोग

सिवनी-बालाघाट फोरलेन निर्माण को लेकर सड़क पर उतरे लोग
  • इंपेक्ट : फोरलेन का काम शीघ्र प्रारंभ कराने सहित अन्य मांगों को लेकर रैली निकालकर कलेक्टर के नाम सौंपा ज्ञापन
  • पूर्णत: बंद रहा बरघाट, धारनाकलां, बेहरई में भी नहीं खुलीं दुकानें

डिजिटल डेस्क,सिवनी। लगभग 3500 करोड़ रुपए की भारी भरकम लागत से प्रस्तावित सिवनी-बालाघाट फोरलेन सडक़ का काम शीघ्र प्रारंभ कराने सहित अन्य मांगों को लेकर सोमवार को बरघाट पूर्णत: बंद रहा। बरघाट के बस स्टैण्ड क्षेत्र स्थित मुख्य मार्केट सहित पूरे नगर में कहीं भी दुकानों के साथ ही अन्य प्रतिष्ठान नहीं खुले। शाम तक यही स्थिति रही और दुकानों में ताले लटके रहे।

समर्थन में धारनाकलां व बेहरई भी बंद रहे। बरघाट में दोपहर बाद युवा विचार मंच की अगुवाई में नगर परिषद के सामने बने सभामंच से एसडीएम कार्यालय तक रैली निकाली गई और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। फोरलेन सडक़ का काम शीघ्र प्रारंभ कराने सहित अन्य मांगों का उद्घोष करते हुए निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

गौरतलब है कि इसी माह 17 मार्च को ही ‘दैनिक भास्कर’ ने सिवनी-बालाघाट फोरलेन सड़क को मंजूरी, प्रोजेक्ट में दो बार फेरबदल किए जाने व डीपीआर बनने के बावजूद अब तक टेण्डर जारी न होने को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

ज्ञापन में कहा गया है कि नगर व मार्ग से जुड़े समस्त नागरिकों की सुरक्षा व हित को देखते हुए मांगों को गंभीरता से लेते हुए इन पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निराकरण किया जाए। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि मांगें पूरी नहीं होने कि दशा में युवा विचार मंच द्वारा क्षेत्र की आम जनता के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

आए दिन हो रहे हैं हादसे

युवा विचार मंच द्वारा कलेक्टर के नाम सिवनी-बालाघाट फोरलेन का काम शीघ्र प्रारंभ कराने सहित कुल 9 मांगों का ज्ञापन सौंपा गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि वर्तमान में सिवनी-बालाघाट टूलेन मार्ग यातायात दबाव के कारण चलने योग्य नहीं है। सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है और इस मार्ग की स्थिति बद् से बद्तर होती जा रही है। इससे आएदिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और जन-धन की हानि हो रही है। यातायात के दबाव के कारण एंबुलेंस मरीजों व गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचा पा रहीं।

25 लाख रुपए सहायता राशि व सरकारी नौकरी दी जाए

इस सड़क पर होने वाली दुर्घटना में मृतक के परिवार को तत्काल 25 लाख रुपए सहायता राशि दिए जाने के साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की गई है। वहीं, मार्ग के सभी शासकीय सिविल अस्पतालों में एक्सीडेंटल केसों के लिए इमरजेंसी व आईसीयू वार्ड बनाया जाए एवं ब्लड की व्यवस्था रखी जाए।

यह भी मांग की गई है कि फोरलेन का निर्माण होने तक टोल टैक्स की वसूली बंद की जाए। सडक़ के साइड सोल्डरों को सिवनी से बालाघाट तक पूर्ण गुणवत्ता के साथ भरवाया जाए। टर्निंग में सड़क किनारे की झाडिय़ों को हटाया जाए।

सड़क पर बसे गांवों में स्पीड नियंत्रक लगाया जाए। ज्ञापन में मांग की गई है कि बरघाट से सिवनी मार्ग पर मूण्डापार से लेकर श्याम पेट्रोलियम तक रास्ते में खड़े हुए वाहनों तथा बस स्टैण्ड पर आने वाले भारी वाहनों को लेकर ट्राफिक व्यवस्था सुचारू कराई जाए।

इनका कहना है-

सिवनी-बालाघाट के बीच फोरलेन सडक़ का निर्माण प्रस्तावित है। वर्तमान सड़क में गड्ढे आदि दिक्कतों को दूर करने के निर्देश एमपीआरडीसी को पूर्व में ही दिए जा चुके हैं।

- शीतला पटले, कलेक्टर, सिवनी

सिवनी-बालाघाट मार्ग पर मेंटेनेंस के कार्य लगातार कराए जा रहे हैं। फोरलेन की डीपीआर तैयार की जा चुकी है। इसे प्रशासकीय स्वीकृति के लिए भेजा गया है, जैसे ही स्वीकृति मिलेगी, टेंडर जारी कर दिया जाएगा।

- दीपक आड़े, महाप्रबंधक, एमपीआरडीसी

Created On :   24 March 2026 2:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story