चिलचिलाती धूप ने किया हलाकान, बूदांबादी से तपन बढ़ी

चिलचिलाती धूप ने किया हलाकान, बूदांबादी से तपन बढ़ी
मौसम परिवर्तन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। तेज धूप से लोग जितने परेशान हैं, उससे ज्यादा परेशान जमीन से निकल रही भाप कर रही है। उमस भरी यह गर्मी असहनीय होती है। कुछ स्थानों पर धूप के दौरान ही बूंदाबांदी हुई। यह दौर 10 मिनट तक चला। बूंदाबांदी होने के बाद गर्मी का अधिक एहसास हो रहा था। दरअसल, शहर में सीमेंट सड़कों का जाल फैला है। उसमें पानी रिसता नहीं। इसलिए सड़कें दिन भर गर्म रहती हैं और इससे निकलने वाली गर्मी देर शाम तक सताती रहती है। गुरुवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान व 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा। फिलहाल उत्तर-पश्चिमी हवा चल रही है। स्थानीय स्तर पर मौसम में हुए परिवर्तन के कारण बूंदाबांदी हुई है। शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तापमान सामान्य से कम ही रहेगा। वातावरण में थोड़ी नमी बनी हुई है। दो दिन बाद तापमान चढ़ने की संभावना है।

आग उगलती धूप से मौत

गुरुनानकपुरा में सड़क किनारे व्यक्ति का शव पाया गया है। पहचान नहीं हो पाई है। आयु करीब 60 वर्ष के लगभग है। गुरुवार की दोपहर करीब सवा तीन बजे के दौरान गुरुनानकपुरा स्थित प्लाट नंबर 351 के सामने उसका शव पाया गया। सूचना मिलते ही पांचपावली पुलिस मौके पर पहुंची। कानूनी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेयो अस्पताल भेजा गया। मृत्यु का कारण ज्ञात नहीं हुआ है, लेकिन आग उगलती धूप के कारण उसकी मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। आकस्मिक मृत्यु का प्रकरण दर्ज किया गया है।

Created On :   19 May 2023 6:06 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story