Shahdol news: 11 साल में दो सांसद, 5 विधायक भी नहीं बनवा सके 73 किलोमीटर सड़क

11 साल में दो सांसद, 5 विधायक भी नहीं बनवा सके 73 किलोमीटर सड़क
मोर्चा फाटक पर रविवार को जाम का नजारा
11 साल में नहीं बन पाई 333 करोड़ रूपए की 73 किलोमीटर सड़क

डिजिटल न्यूज़ शहडोल

राघवेन्द्र चतुर्वेदी शहडोल नेशनल हाइवे-43 पर शहडोल से उमरिया के बीच 333 करोड़ रूपए की 73 किलोमीटर सड़क11 साल में नहीं बनने और शहडोल से 30 किलोमीटर दूर रेलवे के मोर्चा फाटक पर 40 घंटे चले जाम में रविवार सुबह इलाज के लिए उमरिया से शहडोल आ रहे बीमार आदिवासी युवक रवि मराबी की जाम में फंसने से मौत के बाद इस सड़क पर तकलीफदेह आवागमन बड़ा मुद्दा बन गया है। घटना के बाद सोमवार-मंगलवार को भी लोग व्यवस्था को लेकर गुस्से में नजर आए। नागरिकों का यही सवाल है कि जिस सड़क का काम 31 जुलाई 2017 को पूर्ण हो जाना था वह सड़क 9 साल बाद भी नहीं बनी तो जनप्रतिनिधियों ने काम जल्द पूरा करवाने क्या प्रयास किया। शहडोल से उमरिया के बीच चार रेलवे फाटक में लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। इमरजेंसी में किसी मरीज को इलाज के लिए जबलपुर व नागपुर ले जाना हो तो सभी फाटक के बंद मिलने पर एक घंटे समय ज्यादा लगता है, गोल्डन ऑवर में इस घंटे की कीमत समझी जा सकती है। इस सड़क परियोजना में 4 आरओबी का निर्माण ही अब तक नहीं हुआ। इसमें मोर्चा फाटक, पाली, पठारी और अमहा रेलवे फाटक शामिल हैं।

ऐसे समझें ठेका कंपनी जीवीआर इंफ्रा व टीबीसीएल की मनमानी:

* 1 अगस्त 2015 को सडक़ निर्माण के लिए एग्रीमेंट हुआ.

* 31 जुलाई 2017 तक 73 किलोमीटर सड़क बनाना तय था.

*जीवीआर बैंक करप्ट हुई और 2 जून 2018 को 70 प्रतिशत काम पेटी में दूसरी ठेका कंपनी टीबीसीएल को दे दिया गया.

* टीबीसीएल ने भी काम में लेटलतीफी की तब काम से अलग करने के बजाय जीवीआर का शेष 30 प्रतिशत काम भी 16 मई 2020 को इसी ठेका कंपनी को दे दिया गया. * टीबीसीएल ने 8 साल में काम पूरा नहीं किया और 31 मार्च 2026 को प्रोजेक्ट से रिमूव कर दोबारा जीवीआर को काम सौंप दिया गया. हालांकि अभी भी कार्यस्थल पर जो मशीने लगी हैं उनमें टीबीसीएल ही लिखा है। यह भी बड़ा सवाल है कि काम आखिर कौन सी कंपनी कर रही है. 5 बार मिला एक्सटेंशन: 1. 29.2. 2020 2. 30.6.2021 3. 31.12.2021 4. 31.12.2023 5. 31.12.2025 अब 31.12. 2026 तक के लिए प्रक्रिया चल रही.

माननीयों को लेकर आमजनों की यह है राय:

हिमाद्री सिंह सांसद- 2019 से सांसद। इस बार दूसरा कार्यकाल। 15 दिसंबर 2025 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री से मुलाकात में परेशानी बताई पर नतीजा नहीं निकला। ज्ञान सिंह पूर्व सांसद- उपचुनाव 2016 में सांसद बने। उनके इसी कार्यकाल में सड़क का काम चल रहा था। 31 जुलाई 2017 तक तय अवधि में सड़क नहीं बनने पर अपने कार्यकाल के डेढ़ साल के दौरान जल्द निर्माण पूरा किए जाने को लेकर प्रयास नहीं किया। मनीषा सिंह विधायक- वर्तमान में शहडोल के जयसिंहनगर से विधायक। इस कार्यकाल के 3 साल में हाइवे निर्माण जल्द पूरा करवाने को लेकर क्या प्रयास किया यह बड़ा सवाल है। जयसिंह मरावी विधायक- 2018 से 2023 तक जयसिंहनगर से विधायक रहे। तब सडक़ निर्माण तय अवधि में नहीं बनी थी, इसके बाद भी कार्यकाल के 5 साल में जन समस्या को प्रमुखता से उठाने में इन्होंने खास रुचि नहीं दिखाई। प्रमिला सिंह पूर्व विधायक- 2013 से 2018 तक जयसिंहनगर से भाजपा विधायक रहीं। 2017 में हाइवे का काम पूरा नहीं होने के बाद यह काम क्यों अधूरा रह गया इस पर ध्यान नहीं दिया गया। जिम्मेदार विभाग व अधिकारियों से सडक़ निर्माण में लेटलतीफी पर सवाल भी नहीं पूछा गया। मीना सिंह विधायक- घुनघुटी और आसपास का क्षेत्र इनके विधानसभा क्षेत्र में है। मीना सिंह उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा से पिछले तीन कार्यकाल से लगातार विधायक हैं, हाईवे निर्माण में विलंब से लोगों की परेशानी से बेखबर हैं। शिवनारायण सिंह लल्लू विधायक- 2018 से वर्तमान में लगातार 2 कार्यकाल से उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधानसभा से विधायक। 30 अगस्त 2025 को केंद्रीय मंत्री नितिन गडक़री से मुलाकात कर हाइवे निर्माण में देरी की बात रखी पर उसके बाद क्या हुआ इसकी खोज खबर लेना ही भूल गए।

Created On :  

Tags

Next Story