Shahdol news: आगजनी से सुरक्षा को लेकर शहडोल में नगरपालिका गंभीर नहीं

आगजनी से सुरक्षा को लेकर शहडोल में नगरपालिका गंभीर नहीं

डिजिटल न्यूज़ शहडोल

कटनी जिले के बरही में दीपावली की रात घर पर आग लगने से 6 लोगों की मौत और आग पर काबू पाने पहुंची दमकल के नाकाफी इंतजाम ने एक बार फिर सिस्टम की नाकामी उजागर की तो शहडोल शहर में भी हालात जुदा नहीं है। शहर में 5 अगस्त 2025 की सुबह एमएलबी स्कूल के सामने भारती टावर पर आग लगने के बाद समय रहते आग पर काबू पाने में नगर पालिका की बड़ी लापरवाही सामने आई थी। नगरपालिका शहडोल के फायर ब्रिगेड वाहन की पहुंच ही चार मंजिला इमारत तक नहीं थी। आग बुझाने के दौरान टैंकर से पानी जल्दी खत्म होने की भी समस्या सामने आई। उस समय आग पर काबू पाने के लिए निजी कंपनियों की फायर ब्रिगेड मशीनें बुलवाई गई। तब नगर पालिका अध्यक्ष ने बड़ी मशीन की व्यवस्था की बात कही थी पर हादसे के 15 माह बीत जाने के बाद भी मशीन का इंतजाम तो दूर खरीदी की प्रक्रिया ही प्रारंभ नहीं हुई। नगर पालिका अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल ने इस पूरे मामले को लेकर मंगलवार को दैनिक भास्कर को बताया कि जेडी ऑफिस में टीएस पास नहीं होने के कारण शहडोल नगर पालिका के फायर ब्रिगेड के बेड़े में बड़ी मशीन शामिल नहीं हो सकी। उन्होंने जल्द प्रक्रिया तेज करने की बात तो कही पर अब देखना होगा कि यह काम कब तक पूरा होता है।

फिलहाल यह है इंतजाम

*5 हजार लीटर टैंकर क्षमता के 2 फायर ब्रिगेड वाहन

*3.5 हजार लीटर क्षमता का एक वाहन

*3 हजार लीटर क्षमता का एक वाहन

*5 सौ लीटर क्षमता के दो क्विक रिस्पांस व्हीकल, इनमें से एक बंद।

इसलिए जरूरी है बेहतर इंतजाम

शहर में बहुमंजिला इमारतों के निर्माण में तेजी आई है।

4, 5 और 8 मंजिला इमारतों का निर्माण हो रहा है, यहां कभी आगजनी की घटना हुई तो बड़ी मशीन की जरूरत पड़ेगी।

Created On :  

Tags

Next Story