बसपा नेता हत्याकांड: हत्या के बाद पुलिस पर फूटा मृतक नेता के समर्थकों का गुस्सा, थाने का घेराव कर पत्थरों से किया हमला

हत्या के बाद पुलिस पर फूटा मृतक नेता के समर्थकों का गुस्सा, थाने का घेराव कर पत्थरों से किया हमला
  • बसपा नेता की छतरपुर में हुई हत्या
  • पुलिस ने जताई पुरानी रंजिश की आशंका
  • गुस्साए समर्थकों ने किया विरोध प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। बसपा नेता महेंद्र गुप्ता की हत्या के मंगलवार को उनके समर्थकों का पुलिस पर गुस्सा फूटा। समर्थकों ने ईशानगर थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारे लगाए। इस बीच प्रदर्शन में शामिल कुछ महिलाओं ने वहां मौजूद पुलिस बल पर पत्थरों से हमला किया। मामला बिगड़ता देख एएसपी प्रदर्शन कर रहे लोगों के पास पहुंचे और उन्हें शांत कराया।

इससे पहले मंगलवार सुबह बसपा नेता के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। वहीं महेंद्र गुप्ता की मौत से गुस्साए उनके घरवालों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने छतरपुर जिला अस्पताल के बाहर धरना दिया, जिससे वहां जाम लग गया। पुलिस के समझाने के बाद प्रदर्शन खत्म हुआ। लेकिन दोपहर को एक बार फिर मृतक बसपा नेता के परिजनों, पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर के पड़ाव चौराहे पर शव को रखकर धरना दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा, 'हम असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हमारे परिवारों को सुरक्षा दी जाए और अपराधियों के मकान गिराए जाएं।'

सामने आई हत्या की वजह

वहीं मामले की जांच कर रही पुलिस की टीम हत्या के पीछे की वजह पुरानी रंजिश को मान रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शुरुआती जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश हो सकती है। बता दें कि 4 मार्च को मध्यप्रदेश बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कद्दावर नेता महेंद्र गुप्ता की हत्या कर दी गई। घटना छतरपुर के गजराज पैलेस के सामने की है। जहां रात के करीब साढ़े 9 बजे बदमाशों ने उन पर गोली चला दी थी। गोली उनके सिर पर लगी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के मुताबिक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए थे।

शादी समारोह में शामिल होने आए थे बसपा नेता

बसपा नेता महेंद्र गुप्ता एक शादी समारोह में शामिल होने गजराज पैलेस आए थे। वह जैसे ही मैरिज गार्डन से बाहर निकले, तभी पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन पर गोली चला दीं। घटना के समय उनका ड्राइवर अब्दुल मंसूरी भी वहीं था। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। महेंद्र गुप्ता की गिनती मध्यप्रदेश के कद्दावर बसपा नेताओं में होती थी। बीते साल हुए विधानसभा चुनाव में मायवती ने उन्हें छतरपुर की बिजावर विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। इससे पहले साल 2019 के चुनाव में भी पार्टी ने उन्हें अपना उम्मीदवार बनाया था। वह बसपा के जिला उपाध्यक्ष भी थे। ईसानगर के रहने वाले महेंद्र गुप्ता के ऊपर कई आपराधिक मामले भी दर्ज थे। कई लोगों से विवाद के चलते उनकी सुरक्षा में सरकारी सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए थे।

Created On :   5 March 2024 7:29 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story