Pune City News: डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बुजुर्ग से 2.74 करोड़ की साइबर ठगी

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर बुजुर्ग से 2.74 करोड़ की साइबर ठगी
  • मुंबई क्राइम ब्रांच और सीबीआई अधिकारी बनकर ठगों ने दो महीने तक डराया
  • 12 अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करवाई बड़ी रकम

भास्कर न्यूज, पुणे। कोथरूड इलाके में रहने वाले 82 वर्षीय एक सेवानिवृत्त बहुराष्ट्रीय कंपनी के मैनेजर से साइबर ठगों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 2 करोड़ 74 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने खुद को मुंबई क्राइम ब्रांच और सीबीआई का अधिकारी बताकर करीब दो महीने तक बुजुर्ग को डराकर पैसे ट्रांसफर करवाए। इस मामले में पुणे शहर साइबर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना की शुरुआत जनवरी के पहले सप्ताह में हुई। बुजुर्ग को एक मोबाइल एप के जरिए संदेश मिला, जिसमें खुद को जांच एजेंसी का अधिकारी बताने वाले लोगों ने संपर्क किया। ठगों ने दावा किया कि उनके बैंक खाते का संबंध मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले से है।

सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर स्वप्नाली शिंदे के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित को यह कहकर डराया कि मामले में एक पूर्व एयरलाइन मालिक पहले ही गिरफ्तार हो चुका है और जांच के दौरान उनका बैंक खाता संदिग्ध पाया गया है। उन्होंने बुजुर्ग से जांच में सहयोग करने के नाम पर उनके बैंक खातों की जानकारी, फिक्स्ड डिपॉजिट का विवरण और आधार व पैन कार्ड की प्रतियां मांगी।

इसके बाद ठगों ने उन्हें बताया कि उनका फोन डिजिटल अरेस्ट में है और उनकी कॉल व कैमरा पर निगरानी रखी जा रही है। साथ ही उन्हें सख्त चेतावनी दी गई कि वे इस मामले के बारे में किसी से भी चर्चा न करें।

डर के कारण बुजुर्ग ने इस बारे में अपने परिवार को भी कुछ नहीं बताया। ठग बीच-बीच में उनसे संपर्क करते रहे और मामले को क्लियर कराने के नाम पर पैसे मांगते रहे। हर बार वे अलग-अलग बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करने को कहते थे।

पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग ने अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 12 बैंक खातों में 2.74 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।

इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब उनकी पत्नी को बार-बार हो रहे बड़े लेनदेन पर शक हुआ। पूछताछ करने पर बुजुर्ग ने पूरी बात बताई। इसके बाद दंपती ने एक वकील से सलाह ली। वकील ने इसे डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी का मामला बताते हुए तुरंत साइबर पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी।

शिकायत मिलने के बाद पुणे साइबर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जिन बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए गए हैं, उनकी जांच शुरू कर दी है।

Created On :   12 March 2026 3:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story