Pune City News: पीएमसी की नागरिकों को हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह

पीएमसी की नागरिकों को हीटवेव से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचने को कहा

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में तापमान लगातार बढ़ने के बीच पीएमसी ने संभावित हीटवेव को लेकर नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। नागरिकों के लिए जारी एक परामर्श में प्रशासन ने गर्मी के मौसम में हीटस्ट्रोक और अन्य गर्मी से संबंधित बीमारियों से बचने के लिए कई उपाय सुझाए हैं।

पीएमसी ने सलाह दी है कि लोग अपने शरीर में पानी की कमी न होने दें और नियमित रूप से पानी पीते रहें। परामर्श में कहा गया है कि भले ही प्यास न लगे, फिर भी हर आधे घंटे में पानी पीने की आदत डालें। साथ ही नागरिकों को शराब, चाय, कॉफी और अधिक चीनी वाले पेय पदार्थों से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि ये शरीर में पानी की मात्रा को कम कर सकते हैं और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ा सकते हैं।

प्रशासन ने बाहर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। ऐसे लोगों को सिर, गर्दन और चेहरे को गीले कपड़े या किसी कपड़े से ढककर सीधे धूप से बचाव करने को कहा गया है। घरों को ठंडा रखने के लिए दिन में खिड़कियों पर मोटे पर्दे लगाने और रात में खिड़कियां खुली रखने की सलाह भी दी गई है। कमरे को ठंडा रखने के लिए पंखे या गीले कपड़े का उपयोग भी किया जा सकता है।

पीएमसी ने भोजन में पानी की मात्रा अधिक रखने की भी सलाह दी है। इसके लिए तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानास और खीरा जैसे फलों और सब्जियों को आहार में शामिल करने की सिफारिश की गई है। इसके अलावा ओआरएस, घर का बना लस्सी, छाछ, नींबू पानी, आम पन्ना और ताजे सलाद जैसे पेय पदार्थों का सेवन करने से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है।

बाहर निकलते समय हल्के, ढीले और सूती कपड़े पहनने, सिर को टोपी या छाते से ढकने और धूप से बचाव के लिए चश्मा पहनने की भी सलाह दी गई है।

पीएमसी ने नागरिकों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच बाहर जाने से बचने की विशेष चेतावनी दी है, क्योंकि इस दौरान गर्मी सबसे अधिक होती है। इसके अलावा तेज धूप में भारी शारीरिक श्रम करने, छत या ऊपरी मंजिलों पर जाने और भारी, अधिक प्रोटीन या बासी भोजन खाने से बचने की भी सलाह दी गई है। गर्मियों में नंगे पांव बाहर न निकलने और हमेशा जूते-चप्पल पहनने की भी अपील की गई है।

परामर्श में पशु-पक्षियों की देखभाल पर भी जोर दिया गया है। पशुओं को छायादार स्थानों में रखने, पर्याप्त पानी और हरा चारा उपलब्ध कराने की सलाह दी गई है। वहीं कार्यस्थलों पर मजदूरों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

पीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए इन सावधानियों का सख्ती से पालन करें, ताकि हीटवेव के खतरे से बचा जा सके और सभी सुरक्षित रह सकें।

Created On :   11 March 2026 2:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story