- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- पुणे
- /
- अवैध फ्लेक्स-होर्डिंग पर सख्त...
Pune City News: अवैध फ्लेक्स-होर्डिंग पर सख्त कार्रवाई, एक सप्ताह में हटाए जाएंगे बोर्ड

भास्कर न्यूज, पुणे। शहर में बढ़ते अवैध फ्लेक्स और होर्डिंग्स पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। मनपा और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाने का निर्णय लिया है, जिसके तहत शहर को बदसूरत बनाने वाले सभी अवैध फ्लेक्स और होर्डिंग्स को एक सप्ताह के भीतर हटाया जाएगा। इसके साथ ही अवैध फ्लेक्स छापने वालों, बिना अनुमति सामान बेचने वाले विक्रेताओं, फेरीवालों और लावारिस वाहनों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
यह जानकारी बुधवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार और नगर आयुक्त नवल किशोर राम ने दी। इस अवसर पर पुलिस और मनपा के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने बताया कि शहर में किसी भी प्रकार का विज्ञापन लगाने के लिए मनपा के आकाशचिन्ह एवं लाइसेंस विभाग से शुल्क देकर अनुमति लेना आवश्यक है। इसके बावजूद बिना अनुमति के कई जगहों पर फ्लेक्स, होर्डिंग्स और पोस्टर लगाए जाते हैं, जिससे शहर का स्वरूप बिगड़ता है। पहले भी इन पर कार्रवाई की गई, लेकिन बार-बार नए फ्लेक्स लगाए जाते रहे। इसे रोकने के लिए अब पुलिस और मनपा मिलकर सख्त कार्रवाई करेंगे।
अवैध फ्लेक्स लगाने वालों के साथ-साथ फ्लेक्स छापने वालों और उनके ढांचे तैयार करने वालों पर भी मामला दर्ज किया जाएगा। पहली बार संबंधित लोगों को चेतावनी दी जाएगी, लेकिन दोबारा ऐसा करने पर फ्लेक्स प्रिंटिंग मशीन तक जब्त की जा सकती है। जनप्रतिनिधियों और नगरसेवकों को विश्वास में लेकर यह कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई का विरोध करने वालों पर सीधे केस दर्ज होगा।
लावारिस वाहनों पर भी अभियान
शहर में कई जगहों पर लंबे समय से खड़े लावारिस वाहन यातायात बाधित कर रहे हैं और अन्य समस्याएं पैदा कर रहे हैं। ऐसे वाहनों की पहचान कर उन पर नोटिस चिपकाया जाएगा। निर्धारित समय में वाहन नहीं हटाने पर उन्हें जब्त कर लिया जाएगा। प्रत्येक प्रभाग में 2-3 डंपिंग यार्ड बनाए जाएंगे, जहां इन वाहनों को रखा जाएगा और बाद में उनकी नीलामी की जाएगी। वाहन उठाने का खर्च संबंधित मालिक से वसूला जाएगा।
बारिश से पहले 400 जगहों पर उपाय
पुलिस और मनपा ने बताया कि बरसात के दौरान शहर के मुख्य और उप मार्गों पर पानी जमा होने वाली लगभग 400 जगहों की पहचान की गई है। इन स्थानों पर पानी भराव रोकने के लिए विशेष उपाय किए जाएंगे। इसके अलावा पेड़ों की शाखाएं गिरने की स्थिति में कार्रवाई, सीवर और वर्षा जल नालों की सफाई तथा ड्रेनेज कवर को समतल करने जैसे मुद्दों पर भी बैठक में चर्चा हुई।
मनपा आयुक्त नवल किशोर राम ने कहा कि शहर के विकास के साथ अनुशासन भी जरूरी है। ठोस कचरा प्रबंधन के साथ शहर की सुंदरता बढ़ाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस और नगर निगम के समन्वय से पिछले छह महीनों में शहर में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं और आगे भी इसी तरह काम जारी रहेगा।
इन मुद्दों पर भी होगी कार्रवाई
शहर के मैदानों और खाली जगहों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था
मैदानों और खुले स्थानों के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे
ऐसे स्थानों पर गैरकानूनी गतिविधि करने वालों पर कड़ी कार्रवाई
स्कूलों से 100 मीटर के दायरे में प्रतिबंधित वस्तुओं की बिक्री पर रोक
कार्रवाई की समीक्षा के लिए पुलिस निरीक्षक और क्षेत्रीय अधिकारियों की नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी।
Created On :   12 March 2026 2:44 PM IST











