Chhath Puja 2026: महाभारत से लेकर रामायण तक मिलता है सूर्य पूजा का उल्लेख, यहां जानें छठ से जुड़ी ये 4 पौराणिक कथाएं

डिजिटल डेस्क, भोपाल। छठ महापर्व की शुरुआत होते ही चारों तरफ सूर्य उपासना और छठी मैया की भक्ति का माहौल देखने को मिलता है। इस पर्व में व्रती उगते और डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की खुशहाली की कामना करते हैं। छठ पूजा को लेकर कई पौराणिक मान्यताएं और कथाएं प्रचलित हैं। इनका संबंध महाभारत और रामायण जैसे महाकाव्यों से भी जोड़ा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत काल में कर्ण सूर्यदेव के परम भक्त थे। वहीं, द्रौपदी की सूर्य उपासना और माता सीता के सूर्य पूजा करने से जुड़ी कथाएं भी प्रचलित हैं। आइए जानते हैं छठ महापर्व से जुड़ी इन पौराणिक कथाओं के बारे में।
यह भी पढ़े -दिवाली के सपनों में छिपे हैं खुशहाली के राज, दिखाई दें ये चीजें तो समझिए चमकने वाली है आपकी किस्मत!
1. कर्ण ने शुरू की थी सूर्य उपासना की परंपरा
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, महाभारत के प्रमुख पात्र कर्ण सूर्यदेव के पुत्र थे। उन्हें सूर्यपुत्र के नाम से भी जाना जाता है। कहा जाता है कि कर्ण रोज सुबह नदी में खड़े होकर सूर्यदेव को जल अर्पित करते थे और उनकी आराधना करते थे। मान्यता है कि कर्ण घंटों तक पानी में खड़े होकर सूर्य की उपासना करते और जरूरतमंदों को दान देते थे। उनकी इसी भक्ति और दानशीलता के कारण उन्हें दानवीर कर्ण कहा गया। लोक मान्यता में कर्ण की सूर्य उपासना को छठ पूजा की परंपरा से भी जोड़कर देखा जाता है।
2. द्रौपदी ने सूर्यदेव से मांगी थी सहायता
महाभारत से जुड़ी एक अन्य कथा में द्रौपदी की सूर्य उपासना का उल्लेख मिलता है। मान्यता है कि वनवास के दौरान पांडवों के सामने भोजन की समस्या खड़ी हो गई थी। उस समय महर्षि धौम्य की सलाह पर युधिष्ठिर ने सूर्यदेव की आराधना की थी। सूर्यदेव ने प्रसन्न होकर उन्हें अक्षय पात्र दिया था। इस पात्र की विशेषता थी कि द्रौपदी के भोजन करने तक उसमें भोजन समाप्त नहीं होता था। इससे पांडवों और उनके साथ रहने वाले लोगों को भोजन उपलब्ध हो पाता था।
यह भी पढ़े -दिवाली के सपनों में छिपे हैं खुशहाली के राज, दिखाई दें ये चीजें तो समझिए चमकने वाली है आपकी किस्मत!
3. माता सीता ने भी की थी सूर्यदेव की पूजा
रामायण से जुड़ी लोक मान्यताओं के अनुसार, भगवान राम और माता सीता जब लंका विजय के बाद अयोध्या लौटे थे, तब उन्होंने सूर्यदेव की उपासना की थी। कहा जाता है कि कार्तिक महीने में माता सीता ने छठ व्रत किया था। इसके बाद से इस पर्व की परंपरा आगे बढ़ी। बिहार के मुंगेर में गंगा नदी के बीच स्थित सीताचरण मंदिर को भी इस मान्यता से जोड़कर देखा जाता है। स्थानीय धार्मिक मान्यता है कि माता सीता ने यहां सूर्य उपासना की थी। हालांकि, इस कथा के अलग-अलग लोक संस्करण प्रचलित हैं।
4. छठी मैया की पूजा से जुड़ी है राजा प्रियव्रत की कथा
छठ पूजा से जुड़ी एक अन्य प्रचलित पौराणिक कथा राजा प्रियव्रत और उनकी पत्नी मालिनी की है। मान्यता के अनुसार, उनके घर संतान का जन्म हुआ, लेकिन वह जीवित नहीं रह सकी। इससे राजा और रानी बेहद दुखी हो गए। कहा जाता है कि तभी वहां देवी षष्ठी प्रकट हुईं। उन्होंने राजा को अपनी पूजा करने की सलाह दी और संतान प्राप्ति का आशीर्वाद दिया। इसके बाद राजा प्रियव्रत ने देवी षष्ठी की पूजा की। मान्यता है कि इसी के बाद संतान की खुशहाली और लंबी उम्र के लिए षष्ठी माता की पूजा की परंपरा शुरू हुई।
डिसक्लेमरः इस आलेख में दी गई जानकारी अलग- अलग किताब और अध्ययन के आधार पर दी गई है। bhaskarhindi.com यह दावा नहीं करता कि ये जानकारी पूरी तरह सही है। पूरी और सही जानकारी के लिए संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ (ज्योतिष/वास्तुशास्त्री/ अन्य एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें।
Created On :  
