Oh My Dog Screening: ‘लापता लेडीज’ और ‘द लंचबॉक्स’ की राह पर ‘ओह माय डॉग’, रिलीज से पहले देशभर में ऑडियंस स्क्रीनिंग्स

डिजिटल डेस्क, मुंबई। 7 अगस्त को रिलीज होने जा रही निर्देशक अमित राय की फिल्म ‘ओह माय डॉग’ के प्रचार के लिए मेकर्स ने पारंपरिक मार्केटिंग से हटकर खास रणनीति अपनाई है। फिल्म की टीम देशभर के विभिन्न शहरों में स्पेशल ऑडियंस स्क्रीनिंग्स आयोजित कर रही है, ताकि रिलीज से पहले दर्शकों के बीच सकारात्मक वर्ड-ऑफ-माउथ तैयार किया जा सके। इस अभियान की शुरुआत इसी सप्ताह हो चुकी है। अब तक इंदौर, दिल्ली, पुणे, लखनऊ और कोलकाता में फिल्म की स्क्रीनिंग आयोजित की जा चुकी है।
आने वाले दिनों में पटना, अहमदाबाद, गुवाहाटी, बेंगलुरु, हैदराबाद, चंडीगढ़ और मुंबई में भी विशेष स्क्रीनिंग्स होंगी। यह अभियान 4 अगस्त तक पूरा कर लिया जाएगा। फिल्म की यह रणनीति ‘द लंचबॉक्स’ और ‘लापता लेडीज’ जैसी फिल्मों की याद दिलाती है, जिन्हें दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया और मजबूत वर्ड-ऑफ-माउथ का लाभ मिला था। निर्माताओं का मानना है कि किसी भी फिल्म का सबसे प्रभावी प्रचार उसके दर्शक ही होते हैं।
यह भी पढ़े -जेन-जी प्रोटेस्ट पर तनुश्री दत्ता बोलीं-देश की लीडरशिप को काम करने दीजिए, राष्ट्रीय सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी
मेकर्स के मुताबिक शुरुआती स्क्रीनिंग्स में फिल्म को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। दर्शकों ने इसे भावनात्मक और पारिवारिक फिल्म बताते हुए इसकी कहानी और संवेदनशील संदेश की सराहना की है। निर्देशक अमित राय ने कहा, "कुछ फिल्में अपनी असली पहचान दर्शकों के बीच जाकर ही बनाती हैं। ‘ओह माय डॉग' पूरी ईमानदारी और दिल से बनाई गई फिल्म है। मेरा मानना है कि दर्शकों का सच्चा प्यार और उनकी सकारात्मक प्रतिक्रिया किसी भी फिल्म का सबसे बड़ा प्रमोशन होती है। हम चाहते हैं कि लोग पहले फिल्म देखें और फिर उनकी भावनाएं खुद इसकी कहानी दुनिया तक पहुंचाएं।
बाबूलाल बिस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्माण अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी ने किया है। फिल्म में माही राय, पंकज त्रिपाठी, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा, सुलाख्याना बरुआ और विजय मिश्रा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा कैनाइन स्टार्स ऑस्कर और ब्रूनो सहित 250 से अधिक कुत्ते भी फिल्म का अहम हिस्सा हैं। 'ओह माय डॉग' 7 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।
Created On :   1 Aug 2026 4:27 PM IST












