न्यू टैबलेट: Apple iPad Mini (2026) भारत में हुआ लॉन्च, मिला 8.5 इंच OLED डिस्प्ले और पावरफुल A20 Pro चिप

Apple iPad Mini (2026) भारत में हुआ लॉन्च, मिला 8.5 इंच OLED डिस्प्ले और पावरफुल A20 Pro चिप
इस बार कंपनी ने टैबलेट में कई बड़े अपग्रेड दिए हैं, इसमें नई 8.5-इंच की OLED स्क्रीन दी गई है, जो इसे इस लाइनअप का पहला ऐसा डिवाइस बनाती है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। टेक दिग्गज Apple ने भारत और ग्लोबल मार्केट में अपना नया iPad Mini (2026) लॉन्च कर दिया है। इस बार कंपनी ने टैबलेट में कई बड़े अपग्रेड दिए हैं, इसमें नई 8.5-इंच की OLED स्क्रीन दी गई है, जो इसे इस लाइनअप का पहला ऐसा डिवाइस बनाती है। इसमें A20 प्रो चिपसेट लगा है और इसमें लैंडस्केप-ओरिएंटेड फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह टैबलेट iPadOS 27 पर चलता है और इसमें सिरी AI (Siri AI) के साथ-साथ एप्पल इंटेलिजेंस (Apple Intelligence) के नए फीचर्स भी मिलते हैं।

एप्पल के अनुसार, iPad Mini (2026) के लिए प्री-ऑर्डर 28 अक्टूबर से एप्पल इंडिया की वेबसाइट और एप्पल स्टोर ऐप के जरिए शुरू होंगे। यह 6 नवंबर से पूरे देश में एप्पल स्टोर और अधिकृत रीसेलर्स (authorised resellers) के पास उपलब्ध होगा। आइए जानते हैं इसकी कीमत और खूबियां...

भारत में iPad Mini (2026) की कीमत और उपलब्धता

भारत में iPad Mini (2026) के 128GB स्टोरेज वाले वाई-फाई (Wi-Fi) मॉडल की कीमत 82,900 रुपए से शुरू होती है, जबकि वाई-फाई+ सेल्युलर (Wi-Fi + Cellular) वेरिएंट की कीमत 1,00,900 रुपए से शुरू होती है। ग्राहक 'एजुकेशन सेविंग्स' (education savings) का लाभ उठाकर इसे 76,900 रुपए की शुरुआती कीमत पर खरीद सकते हैं। यह टैबलेट 128GB, 256GB और 512GB स्टोरेज विकल्पों में आता है। यह मिडनाइट (Midnight) और स्टारलाइट (Starlight) रंगों में उपलब्ध है।

एप्पल ने इस टैबलेट के लिए एक नया 'स्मार्ट फोलियो' (Smart Folio) भी पेश किया है, जो नेवी ब्लू और टॉपे (Taupe) रंगों में 8,500 रुपए की कीमत पर उपलब्ध है। iPad Mini (2026) एप्पल पेंसिल प्रो (Apple Pencil Pro)- जिसकी कीमत 11,900 रुपए है- और एप्पल पेंसिल (USB-C) - जिसकी कीमत 7,900 रुपए है- दोनों को सपोर्ट करता है।

iPad Mini (2026) के स्पेसिफिकेशन्स

नए iPad mini (2026) में 8.5-इंच की सुपर रेटिना XDR (2316 x 1512 पिक्सल) OLED स्क्रीन दी गई है। यह P3 वाइड कलर गैमट को सपोर्ट करती है और इसकी पीक ब्राइटनेस 1,200 निट्स तक है। कंपनी ने तेज रोशनी वाले माहौल में चकाचौंध (glare) को कम करने के लिए 'नैनो-टेक्सचर डिस्प्ले' का विकल्प भी दिया है। कैमरे की बात करें तो, इसमें लैंडस्केप-ओरिएंटेड 12-मेगापिक्सल का 'सेंटर स्टेज' फ्रंट कैमरा दिया गया है। पीछे की तरफ 12-मेगापिक्सल का वाइड सेंसर है, जो स्मार्ट HDR 4 को सपोर्ट करता है और 60fps तक 4K वीडियो रिकॉर्डिंग कर सकता है।

iPad mini (2026) में iPadOS 27 चलता है। इस टैबलेट में Apple की A20 Pro चिप लगी है, जिसे 2nm प्रोसेस से बनाया गया है। इसमें 7-कोर GPU है, जिसके हर कोर में न्यूरल एक्सेलेरेटर दिए गए हैं। 128GB और 256GB वाले मॉडल में 5-कोर CPU है, जबकि 512GB वाले मॉडल में 6-कोर CPU दिया गया है। Apple का दावा है कि पिछली जनरेशन के मुकाबले, इसमें AI परफॉरमेंस 4.5 गुना तक, ग्राफिक्स परफॉरमेंस 2.7 गुना तक और मल्टीथ्रेडेड CPU परफॉरमेंस 60 प्रतिशत तक तेज है।

iPad mini (2026) का एक और नया फीचर 'अकॉस्टिक डिस्प्ले सिस्टम' है। Apple के अनुसार, इसमें खास तौर पर डिजाइन किए गए वूफर हैं, जिन्हें ग्लास और एल्युमिनियम एनक्लोजर के बीच लगे कस्टम ट्वीटर के साथ जोड़ा गया है। इससे टैबलेट अपनी स्क्रीन का इस्तेमाल आवाज निकालने के लिए कर सकता है। यह नए Apple इंटेलिजेंस फीचर्स और सिरी (Siri) AI को सपोर्ट करता है। आईपैड मिनी (2026) में 18.9 Wh की लिथियम-पॉलिमर बैटरी दी गई है। एप्पल का दावा है कि एक बार चार्ज करने पर यह 10 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकता है। यह 35W की वायर्ड फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है।

यह एप्पल की लाइनअप का पहला आईपैड है जो वॉटर रेजिस्टेंस (पानी से बचाव) के साथ आता है, इस टैबलेट को IP67 इनग्रेस प्रोटेक्शन रेटिंग मिली है। इसके सेल्युलर मॉडल में C2 मॉडेम लगा है, जो पिछली जनरेशन के मुकाबले 50 प्रतिशत तक तेज सेल्युलर डेटा स्पीड देने का दावा करता है। साथ ही, इसमें eSIM का सपोर्ट भी मिलता है। कनेक्टिविटी के लिए, iPad mini (2026) में Apple की N1 वायरलेस नेटवर्किंग चिप, Wi-Fi 7 और ब्लूटूथ 6.0 दिए गए हैं।

Created On :  

Tags

Next Story