India-Bangladesh Visa Service: बांग्लादेश हाई कमीशन ने भारत में वीजा सर्विस रोकी, सुरक्षा कारणों को बताया वजह, विरोध प्रदर्शन के बाद भारत ने भी लगाई थी रोक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश छात्र नेता उस्मान हादी की हत्या के बाद हिंसक प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बीच बांग्लादेश उच्चायोग (हाई कमीशन) ने भारत में सुरक्षा कारणों का हवाले देते हुए वीजा सर्विस पर रोक लगा दी है। बताया जा रहा है कि ये रोक अगले आदेश तक लागू रहेगी। इससे पहले रविवार को भारत ने भी चटगांव स्थित अपने असिस्टेंट हाई कमीशन में वीजा सेवाएं बंद कर दी थीं। इसके पीछे की वजह बांग्लादेश में हो रहे भारत विरोधी प्रदर्शनों को बताया गया था।
दरअसल, बीते गुरुवार को भारतीय असिस्टेंट हाई कमिश्नर के आवास के बाहर भीड़ एकत्रित हो गई थी। भीड़ ने आवास पर पथराव भी किया था। इसके अलावा राजशाही और ढाका में भी भारतीय दफ्तरों के बाहर भीड़ पहुंची और भारत विरोधी नारे लगाए थे।
बांग्लादेश हाई कमीशन के बाहर हुआ था प्रदर्शन
बांग्लादेश में बीते दिनों हुए हिंदू युवक दीपुचंद्र दास की हत्या के बाद दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई-कमीशन के बाहर प्रदर्शन हुआ था। इस घटना पर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण हुआ था। बांग्लादेश हाई कमीशन सुरक्षित है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि बांग्लादेश की मीडिया इस मामले में भ्रामक जानकारी फैला रहा है। प्रदर्शन छोटा था, जो कि 20-22 युवाओं के द्वारा किया गया था।
यह भी पढ़े -हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद की अपील- दुनियाभर के हिंदू हों एकजुट, सरकारों पर बनाएं दबाव
उनके इस बयान का बांग्लादेश की तरफ से खंडन किया गया था। ढाका की ओर से कहा गया कि स्थिति गंभीर थी, इसे भ्रामक कहना गलत है। बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार एम. तौहीद हुसैन ने कहा कि भारत की तरफ से घटना को मामूली बताया जो कि गलत है। उन्होंने पूछा कि आखिर 25-30 लोगों का झुंड इतने सुरक्षित कूटनीतिक इलाके तक कैसे पहुंच गया।
Created On :   22 Dec 2025 10:03 PM IST













