America Venezuela Tension: 'अगर वेनेजुएला के खिलाफ किसी भी तरह की सैन्य कार्रवाई हुई तो...', ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने अमेरिका को दी चेतावनी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव बढ़ता ही जा रहा है। इस बीच ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा ने वेनेजुएला में किसी भी तरह की सशस्त्र सैन्य दखलअंदाजी को लेकर वॉर्निंग दी है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर वेनेजुएला के खिलाफ किसी भी तरह का सशस्त्र बल प्रयोग इस पूरे क्षेत्र में घातक साबित होगा।
यह भी पढ़े -ध्यान से आत्मकल्याण, स्वास्थ्य की सर्वोच्च अवस्था, आईआईएम में विश्व ध्यान दिवस पर कार्यक्रम
ब्राजील के राष्ट्रपति ने दी चेतावनी
मर्कोसुर और सहयोगी देशों के 67वें शिखर सम्मेलन में शनिवार को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति लूला ने अमेरिका द्वारा वेनेजुएला पर बनाए जा रहे दबाव को लेकर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कहा कि अमेरिका की धमकियां, नौसैनिक नाकेबंदी और कैरिबियाई देश वेनेजुएला पर सैन्य मौजूदगी बेहद चिंताजनक है। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, लूला ने इसे बाहरी क्षेत्रीय शक्ति की सैन्य दखल बताया, जिससे पूरा लैटिन अमेरिका हैरान और परेशान है।
इस दौरान ब्राजील के राष्ट्रपति ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दक्षिण अमेरिका के लिए शांति और समृद्धि ही एकमात्र सही रास्ता है। अंतरराष्ट्रीय कानून की सीमाओं की परीक्षा ली जा रही है। वेनेजुएला में सशस्त्र हस्तक्षेप पूरे महाद्वीप के लिए मानवीय आपदा होगा और दुनिया के लिए एक खतरनाक उदाहरण बनेगा। ब्राजील के राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि हाल ही में उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से फोन पर बातचीत की थी। इस दौरान लूला ने ट्रंप से कहा कि सैन्य टकराव के बजाय बातचीत और समझौते का रास्ता ज्यादा प्रभावशाली और कम नुकसानदेह होता है।
यह भी पढ़े -लंबी हाइट की वजह से मिला रिजेक्शन, फिल्म हिट होने के बाद भी डिप्रेशन का शिकार हो गई थीं करिश्मा तन्ना
ट्रंप सरकार ने वेनेजुएला पर लगाया ये बैन
मालूम हो कि ट्रंप सरकार ने वेनेजुएला आने-जाने वाले तेल टैंकरों को पूरी तरह से बैन कर दिया है। वहीं, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार को अमेरिका ने विदेशी आतंकवादी संगठन घोषित किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने बाद में एक इंटरव्यू में यह भी कहा कि संयुक्त राज्य अमेरिका अतिरिक्त तेल टैंकरों को जब्त करना जारी रखेगा। इन अमेरिकी कदमों का कई लैटिन अमेरिकी देशों और क्षेत्रीय संगठनों ने विरोध किया है। उन्होंने संवाद की अपील करते हुए संयुक्त राष्ट्र और अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इस मुद्दे में हस्तक्षेप कर शांति का रास्ता निकालने की मांग की है।
Created On :   21 Dec 2025 6:41 PM IST











