- Dainik Bhaskar Hindi
- Interviews
- Weed on set and cocaine in party is common: Sushant's friend Yuvraj S. Lion
दैनिक भास्कर हिंदी: सेट पर वीड और पार्टी में कोकीन सामान्य बात है: सुशांत के दोस्त युवराज एस. सिंह

हाईलाइट
- सेट पर वीड और पार्टी में कोकीन सामान्य बात है: सुशांत के दोस्त युवराज एस. सिंह
नई दिल्ली, 15 सितंबर (आईएएनएस)। दिवंगत स्टार सुशांत सिंह राजपूत के करीबी मित्र और अभिनेता-निर्माता युवराज एस. सिंह ने कहा है कि बॉलीवुड में ड्रग कल्चर न केवल प्रचलित है, बल्कि यह तो इस इण्डस्ट्री में कदम रखने का एक तरीका भी है। उन्होंने दावा किया है कि अधिकांश ए-लिस्टेड अभिनेता कोकीन के आदी हैं।
युवराज ने आईएएनएस को बताया, 1970 के दशक से ही ड्रग्स चलन में हैं। उस समय इतना ज्यादा एक्सपोजर या सोशल मीडिया नहीं था। लेकिन अब है इसीलिए यह उजागर हो रहा है। फिल्म उद्योग में कई लोग हैं जो कोकीन लेते हैं। कई अभिनेता और फिल्म निर्माता हैं जो ड्रग्स के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।
बेईमान लव फिल्म के अभिनेता ने इण्डस्ट्री में प्रचलित ड्रग्स को लेकर कहा, वीड सिगरेट की तरह है। कैमरापर्सन से लेकर तकनीशियन तक सेट पर सभी लोग सामान्य रूप से वीड का सेवन करते हैं। बॉलीवुड पार्टियों की मुख्य ड्रग कोकीन है। इसके अलावा एमडीएमए है, जिसे एलएसडी या एसिड भी कहा जाता है। केटामाइन भी होती है। ये बहुत हार्ड ड्रग्स हैं, इनका असर 15 से 20 घंटे तक रहता है। मैं तो कहूंगा कि इण्डस्ट्री में 5 से 8 एक्टर्स ऐसे हैं जिनके लिए ड्रग्स छोड़ना बहुत जरूरी है, नहीं तो ये लोग मर जाएंगे ।
अभिनेता को खुद ही कई बार ड्रग्स की पेशकश की गई।
उन्होंने कहा, मुझे कई बार ड्रग्स की पेशकश की गई है। यह बहुत सामान्य है। बहुत लोग ड्रग्स लेते हैं, पार्टियों में जाते हैं। वास्तव में इससे लोगों को काम मिल रहा है। यदि आप सही लोगों, सही अभिनेता-अभिनेत्री और निर्देशक के साथ ड्रग्स लेते हैं तो आप एक लॉबी और एक कनेक्शन बनाते हैं। इण्डस्ट्री में ऐसी ही मानसिकता काम करती है। वे लोग एक वातावरण बनाते हैं और उसी में काम करना पसंद करते हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या वह ड्रग्स लेने वाले नामों का खुलासा कर सकते हैं, इस पर अभिनेता ने कहा, ज्यादातर लोग ऐसा करते हैं। मैंने सचमुच सभी को ऐसा करते हुए देखा है। इसका एक वीडियो भी वायरल हुआ है। वह एक ड्रग पार्टी थी।
युवराज ने यह बात पिछले साल करण जौहर के घर पर हुई पार्टी के वीडियो के संदर्भ में कही। इसमें दीपिका पादुकोण, रणबीर कपूर, मलाइका अरोड़ा, विक्की कौशल, वरुण धवन, शाहिद कपूर, अर्जुन कपूर थे।
युवराज ने आगे कहा, आप कह सकते हैं कि शीर्ष 10 या 15 ए-लिस्टर्स कोकीन के बहुत अधिक आदी हैं।
वे नाम क्यों नहीं बता रहे? इसे लेकर युवराज ने कहा, मैं जानता हूं कि ये लोग (ड्रग्स) का सेवन करते हैं, लेकिन मेरे पास इसे साबित करने के लिए सबूत या तस्वीरें नहीं हैं। वे मुझ पर एक काउंटर केस दर्ज कर सकते हैं। मैं अपना नाम इसमें नहीं लाना चाहता और फिर वे प्रतिशोध लेने के लिए कई तरीके आजमाएंगे। वे वितरकों से कहेंगे कि मेरी फिल्में रिलीज न करें।
युवराज ने संकेत दिया कि शीर्ष 10 से 15 एक्टर्स में अक्षय कुमार को छोड़कर सभी ड्रग्स लेते हैं।
एसडीजे-एसकेपी
भोपाल: रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में पांचवां वूमेन एक्सीलेंस अवॉर्ड
डिजिटल डेस्क, भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के वूमेन डेवलपमेंट सेल द्वारा 5वां वूमेन एक्सिलेंस अवार्ड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि सुश्री अनुभा श्रीवास्तव (आईएएस), कमिश्नर, हैंडलूम एंड हैंडीक्राफ्ट विभाग, मध्य प्रदेश , विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ रूबी खान, डायरेक्टर, डायरेक्टोरेट आफ हेल्थ सर्विसेज, सुश्री रवीशा मर्चेंट, प्रिंसिपल डिजाइनर, ट्रीवेरा डिजाइंस, बट ब्रहम प्रकाश पेठिया कुलपति आरएनटीयू उपस्थित थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स, प्रो-चांसलर, आरएनटीयू एंड डायरेक्टर, आइसेक्ट ग्रुप आफ यूनिवर्सिटीज ने की।
इस अवसर पर सुश्री अनुभा श्रीवास्तव ने महिलाओं को अपनी बात रखने एवं निर्णय क्षमता को विकसित करने पर जोर दिया। महिलाओं को अपने व्यक्तिगत विकास की जिम्मेदारी लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने महिला सशक्तिकरण पर भी अपने विचार साझा किए। डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि हम सभी जानते हैं कि हमारे जीवन में महिलाओं का एक अहं रोल होता है। चाहे वो रोल हमारी मां के रूप में हो या फिर बहन या पत्नी के रूप में। हमें हर रूप में महिला का साथ मिलता है। लेकिन ऐसा काफी कम होता है जब हम इन्हें इनके कार्य के लिए सम्मानित करते हैं। ऐसे में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस हमें यह अवसर देता है कि हम अपने जीवन की महिलाओं को उनके कार्यों और उनके रोल के लिए सम्मानित करें। इसी तारतम्य में आरएनटीयू पांचवां वूमेन एक्सीलेंस अवॉर्ड से इन्हें सम्मानित कर रहा है।
डॉ रूबी खान ने महिलाओं के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं अपने स्वास्थ्य का ध्यान कैसे रखें इसकी जानकारी दी। वहीं सुश्री रवीशा मर्चेंट ने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त रहने एवं किसी भी परिस्थिति पर हार ना मानना एवं परिवार और काम में संतुलन बनाए रखने के विषय में विस्तृत जानकारी दी। डॉ ब्रम्ह प्रकाश पेठिया ने देश की बढ़ती जीडीपी में महिलाओं का अहम योगदान माना। उन्होंने बताया कि जल थल एवं हवाई सीमा में भी विशेष योगदान महिलाएं दे रही हैं।
कार्यक्रम में रायसेन और भोपाल जिले की शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को वूमेन एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा गया। साथ ही पूर्व में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता महिलाओं को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अंत में डॉ संगीता जौहरी, प्रति-कुलपति, आरएनटीयू ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संयोजन एवं समन्वयन नर्सिंग एवं पैरामेडिकल विभाग की अधिष्ठाता एवं महिला विकास प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ मनीषा गुप्ता द्वारा किया गया। मंच का संचालन डॉ रुचि मिश्रा तिवारी ने किया।