- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- मऊगंज
- /
- आठ करोड़ की लागत से नवनिर्मित तहसील...
मऊगंज न्यूज: आठ करोड़ की लागत से नवनिर्मित तहसील भवन का हुआ लोकार्पण

डिजिटल डेस्क रीवा.मऊगंज जिले के हनुमना तहसील में प्रशासनिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए 8 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित संयुक्त कार्यालय भवन का लोकार्पण किया गया। लोकार्पण समारोह में सांसद जनार्दन मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने की। नवीन भवन में तहसील से संबंधित विभिन्न कार्यालयों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
मुख्य अतिथि सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि आठ करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह भवन क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि मऊगंज में लगभग 50 करोड़ रुपए की लागत से कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण हो रहा है। इसके साथ ही विभिन्न विभागों के भवनों का निर्माण भी प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि ये निर्माण कार्य मऊगंज के जिला बनने के बाद विकास की नई यात्रा की शुरुआत का प्रतीक हैं।
प्रशासनिक कार्यों में होगी सुविधा
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक मऊगंज प्रदीप पटेल ने कहा कि निर्मित इस संयुक्त कार्यालय भवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है। इससे आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा और प्रशासनिक कार्यों में भी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि मऊगंज जिले में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। मऊगंज में कलेक्ट्रेट भवन का निर्माण जारी है, जिसमें विभिन्न विभागों के कार्यालय संचालित होंगे।सभी अपने दायित्व का निर्वहन करें.
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल ने कहा कि मऊगंज जिले के सामग्र विकास के लिए सभी को समन्वित होकर अपने अपने दायित्वों का निर्वहन करना आवश्यक है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा ने कहा कि हनुमना में निर्मित यह महत्वपूर्ण भवन क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी सौगात है।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष हनुमना आशुतोष गुप्ता, कलेक्टर संजय कुमार जैन, पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन, संतोष सिंह सिसोदिया, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष हरिहर प्रसाद शुक्ला, एसडीएम हनुमना राजेश मेहता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
Created On :   10 Sept 2026 6:26 PM IST



