India America Free Trade Deal: अमेरिका से व्यापार समझौते पर भारत का रुख साफ, बेहतर टैरिफ के बिना नहीं बनेगी बात

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच होने वाली द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की मौजूदा स्थिति सामने आई है। इसको लेकर केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि इस समझौते को अंतिम रूप अब तभी मिलेगा, जब भारत को अमेरिका अपने प्रतिस्पर्धी देशों जैसे वियतनाम, बांग्लादेश, चीन समेत अन्य की तुलना में बेहतर और रियायती टैरिफ का फायदा देगा।
पीयूष गोयल ने एक फ्री ट्रेड एग्रीमेंट से जुड़े कार्यक्रम में कहा, "जैसे ही अमेरिका हमारे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में हमें तरजीही दर देने में सक्षम होगा, हम बीटीए को अंतिम रूप देंगे और इसका अंतिम ब्योरा घोषित करेंगे।"
यह भी पढ़े -भारत-ईयू एफटीए व्यापार और निवेश के नए अवसर खोलेगा, भारतीय कंपनियों के साथ सहयोग को लेकर उत्साहित हैं यूरोपीय कारोबार फिनलैंड ट्रेड काउंसलर
फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर प्रतिक्रिया
केंद्रीय मंत्री ने फ्री ट्रेड एग्रीमेंट पर बताया कि इस पर भारत तभी अंतिम सहमति देगा, जब अमेरिका हमारे देश के घरेलू कारोबारियों के लिए निर्यात के बड़े अवसर उपलब्ध कराएगा। उन्होंने बताया कि देश आने वाले महीनों या सालों में कनाडा, मेक्सिको, चिली, मर्कोसुर, एसएसीयू, जीसीसी और इजरायल के साथ मिलकर व्यापार समझौता करने वाला है। दक्षिण अमेरिका का मर्कोसुर एक प्रमुख क्षेत्रीय आर्थिक और व्यापारिक संगठन है। वहीं, एसएसीयू दक्षिणी अफ्रीकी सीमा शुल्क संघ और जीसीसी खाड़ी सहयोग परिषद है। जीसीसी में पश्चिम एशिया के 6 देश शामिल हैं।
व्यापार संबंधित अमेरिका का बयान
इससे पहले भारत में नियुक्त अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार (2 सितंबर) को एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने कहा था, "दोनों सरकारें ऐसे व्यापारिक संबंध बनाने की दिशा में काम कर रही हैं, जो निष्पक्ष, पारस्परिक और दोनों देशों के लिए लाभकारी हों। अमेरिका और भारत बहुत करीबी से मिलकर काम कर रहे हैं और बहुत कुछ हो रहा है। वॉशिंगटन G20 बैठकों के लिए गोयल की मेजबानी करने को लेकर उत्सुक है। भारत और अमेरिका के बीच सहयोग केवल वस्तुओं के व्यापार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई अन्य क्षेत्र भी शामिल हैं।"
Created On :   3 Sept 2026 6:12 PM IST









