Punjab Blue Drum Case: गले और पैर में बंधी रस्सी, प्लास्टिक से लिपटी लाश, लुधियाना में मेरठ जैसा नीले ड्रम वाला मामला, जांच में जुटी पुलिस

- लुधियाना में ड्रम से मिली लाश
- सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस
- बदबू आने पर लोगों ने पुलिस को दी सूचना
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। उत्तर प्रदेश के मेरठ जैसा ही एक मामला लुधियाना में देखने को मिल रहा है। यहां नीले ड्रम से एक शख्स की लाश बरामद की गई है जिसे प्लास्टिक से लपेटा हुआ था। बताया जा रहा है कि उसके गले और पैर में रस्सी बंधी हुई थी। डेड बॉडी को फिलहाल पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में भेजा गया है ताकि सबूत इकट्ठा किए जा सकें और जरूरी जानकारी हासिल की जा सके।
कैसे मिला शव?
अब सवाल यह है कि डेड बॉडी के ड्रम में होने की जानकारी पुलिस को कैसे लगी? दरअसल, इलाके से बदबू आने के चलते स्थानीय लोगों ने इस बात की खबर पुलिस को दी। मृतक के बारे में अब तक ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, शख्स की उम्र 35 से 40 साल बताई जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। घटनास्थल से लगभग पांच किलोमीटर तक जितने भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं उन्हें खंगाला जा रहा है ताकि कुछ सुराग जुटाए जा सकें। लाडोवाल टोल प्लाजा से शेरपुर तक का रूट मैप भी पुलिस ट्रैक करने में लगी हुई है। संदिग्ध वाहनों के नंबर की भी जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि अब तक किसी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई।
मेरठ में भी इसी तरह का मामला
मुस्कान और सौरभ की कहानी आपके रौंगटे खड़े कर देगी। उत्तर प्रदेश के मेरठ की मुस्कान रस्तोगी और सौरभ राजपूत ने साल 2016 में लव मैरिज की थी। सौरभ पहले मर्चेंट नेवी में था। 2023 में वह लंदन में एक बेकरी में काम करने चला गया। वह अपनी बेटी के बर्थडे के लिए भारत आया हुआ था। उसे इस बात का कोई अंदाजा नहीं था कि मुस्कान अपने प्रेमी साहिल शुक्ला के साथ मिल कर उसका कत्ल करने की फिराक में थी। मुस्कान और साहिल ने मिल कर सौरभ के 15 तुकड़े किए और लाश को ड्रम में डाल कर सीमेंट भर दिया। उसके सिर, हाथ, कलाई, पैर और धड़ पर बुरी तरह वार किया गया। इससे यह समझ आता है कि मुस्कान के दिल में सौरभ के लिए कितनी नफरत होगी। उसे पति की हत्या का कोई गम नहीं था। कत्ल करने के बाद मुस्कान और साहिल शिमला, मनाली घूमने गए थे। वहां उन्होंने होली मनाई। इतना नहीं बल्कि साहिल का जन्मदिन भी सेलिब्रेट किया। मामला सामने तब आया जब सौरभ की लाश 3 मार्च 2025 को मिली।
Created On :   27 Jun 2025 1:31 PM IST