Delhi Riots 2020: उमर खालिद-शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से झटका, अदालत ने अंतरिम जमानत देने से किया इनकार

उमर खालिद-शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से झटका, अदालत ने अंतरिम जमानत देने से किया इनकार
सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम को अंतरिम जमानत नहीं दी है।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उमर खालिद और शरजील इमाम को फिलहाल जेल से राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को दोनों की अंतरिम जमानत देने की मांग स्वीकार नहीं की। हालांकि, अदालत ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर उसका जवाब मांगा है। कोर्ट ने कहा कि जमानत पर कोई फैसला लेने से पहले पुलिस का पक्ष भी सुना जाएगा। दोनों पर साल 2020 में हुए दिल्ली दंगों की साजिश में शामिल होने का आरोप है। इससे पहले हाईकोर्ट भी उनकी जमानत याचिका खारिज कर चुका है। इसके बाद दोनों ने सुप्रीम कोर्ट में अपील की थी।

तीन जजों की बेंच तय करेगी जमानत पर फैसला

सुनवाई के दौरान वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने दोनों की ओर से जल्द अंतरिम जमानत देने की मांग रखी। लेकिन कोर्ट ने फिलहाल राहत देने से इनकार कर दिया है। CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि पहले तीन जजों की बेंच यह तय करेगी कि UAPA जैसे सख्त कानून में मुकदमे की सुनवाई में देरी होने पर जमानत दी जा सकती है या नहीं? इस कानूनी सवाल पर फैसला आने के बाद ही दोनों की याचिकाओं पर आगे सुनवाई होगी।

CJI सूर्यकांत ने फैसले पर जताई झिझक

सुनवाई के दौरान CJI सूर्यकांत ने कहा कि जिस पुराने फैसले की बात हो रही है उसे उन्होंने ही लिखा था। इसलिए इस पर चर्चा करते हुए उन्हें थोड़ी झिझक हो रही है। दरअसल, 2021 में केए नजीब मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि मुकदमे में बहुत ज्यादा देरी होने पर जमानत मिल सकती है। संविधान का अनुच्छेद 21 हर व्यक्ति को जल्दी सुनवाई का अधिकार देता है। अब इसी फैसले को लेकर कानूनी स्थिति साफ करने के लिए मामला तीन जजों की बेंच को भेजा गया है।

900 से ज्यादा गवाहों का दिया गया हवाला

आपको बता दें कि, उमर खालिद और शरजील इमाम ने लंबे समय से जेल में रहने का हवाला देकर जमानत मांगी है। उनका कहना है कि मामले में 18 आरोपी हैं और 900 से ज्यादा गवाहों की लिस्ट है। इनमें 47 गवाहों की पहचान सुरक्षित रखी गई है। ऐसे में मुकदमा पूरा होने में काफी समय लग सकता है। दरअसल, दोनों को फरवरी 2020 के दिल्ली दंगों की कथित साजिश के मामले में अरेस्ट किया गया था।

Created On :  

Tags

Next Story