यूपी विधानसभा चुनाव 2027: तीन डिजिट से कम पर कंप्रोमाइज नहीं! कांग्रेस की सपा को दो टूक, पिछले चुनाव के आंकड़े से समझिए कांग्रेस की मांग कितनी वाजिब?

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव दिया है। दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर बातचीत चल रही है। कांग्रेस इससे खुश नहीं है। पार्टी कम से कम 100 सीटें मांग रही है। कांग्रेस सांसद राजेंद्र पाल गौतम ने कहा है कि, हमें तीन अंकों से कम सीटें मंजूर नहीं हैं। वहीं, सपा का कहना है कि पिछली बार के चुनाव नतीजों को देखकर यह फैसला लिया गया है। सपा नेता रामगोपाल यादव ने 26 सीटों के प्रस्ताव की पुष्टि की है। हालांकि, अभी दोनों दलों के बीच सीटों की आखिरी संख्या तय नहीं हुई है। बातचीत के दूसरे दिन भी कोई सहमति नहीं बन सकी।
कांग्रेस को 26 सीटें देने का प्रस्ताव
खबरों के मुताबिक, सपा ने कांग्रेस को 26 सीटें देने की बात कही है। पार्टी के मुताबिक, पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इन सीटों पर 10 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। इसके बाद भी भाजपा ने बड़े अंतर से जीत हासिल की थी। सपा ने इनमें से आधी से ज्यादा सीटों को बी कैटेगरी में रखा है। हालांकि, सीटों की आखिरी सूची में बदलाव हो सकता है। फिलहाल इन्हीं सीटों पर दोनों दलों के बीच बात हो रही है।
कांग्रेस 100 सीटों की मांग पर कायम
कांग्रेस कम से कम 100 सीटें चाहती है। पार्टी ने इनमें से 60 सीटों को मजबूत माना है। कांग्रेस का कहना है कि वह अपनी मांग से पीछे नहीं हटेगी। सपा नेता रामजी लाल सुमन ने कांग्रेस से थोड़ा नरम रुख अपनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश के लोग चाहते हैं कि दोनों दल किसी समझौते पर पहुंचें।
2027 चुनाव के लिए गठबंधन की तैयारी
सीटों के बंटवारे पर बातचीत का पहला दौर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के दिल्ली स्थित घर पर हुआ था। इसके बाद सपा ने अपने गठबंधन के साथियों से बात करने के लिए एक कमेटी बनाई। सपा 2017 और 2022 के चुनाव हारने के बाद फिर से सत्ता में लौटना चाहती है। 2022 में सपा को 111 सीटें मिली थीं, जबकि कांग्रेस सिर्फ दो सीटें जीत पाई थी। वहीं, 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा था। सपा ने 37 और कांग्रेस ने छह सीटें जीती थीं। उत्तर प्रदेश में कुल 403 विधानसभा सीटें हैं।
Created On :  


