मध्य प्रदेश बीजेपी: संगठन विस्तार अधूरा, वर्षगांठ पर तुलादान पूरा! प्रदेश प्रभारी की नसीहत भी बेअसर

संगठन विस्तार अधूरा, वर्षगांठ पर तुलादान पूरा! प्रदेश प्रभारी की नसीहत भी बेअसर
भारतीय जनता पार्टी अपने संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं के समर्पण और आपसी समन्वय के लिए पहचानी जाती है।

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी अपने संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं के समर्पण और आपसी समन्वय के लिए पहचानी जाती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता संगठन की मजबूती और अनुशासन को पार्टी की बड़ी ताकत बताते रहे हैं, लेकिन भोपाल स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आज हुए एक कार्यक्रम ने संगठनात्मक अनुशासन को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

दरअसल, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के अध्यक्षीय कार्यकाल का एक वर्ष पूरा होने पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उन्हें बधाई देने प्रदेश कार्यालय पहुंचे। इस मौके पर तुलादान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। हैरानी की बात यह थी कि इस आयोजन की जानकारी भाजपा के मीडिया विभाग तक को नहीं थी, वहीं, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की जानकारी और सहमति को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

पार्टी कार्यालय में पहली बार हुआ तुलादान!

पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा प्रदेश कार्यालय में किसी प्रदेश अध्यक्ष के लिए इस तरह तुलादान का आयोजन पहली बार देखने को मिला है। भाजपा के कई दिग्गज नेता और युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इसी कार्यालय से संगठन की जिम्मेदारियां निभाते रहे हैं, लेकिन अब तक पार्टी कार्यालय में इस तरह का तुलादान उत्सव देखने को नहीं मिला।

ऐसे में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के एक वर्ष पूरे होने पर तुलादान जैसे आयोजन ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या संगठनात्मक परंपराओं से बढ़कर व्यक्तिगत उत्सव महत्वपूर्ण हो गए हैं? क्या पार्टी कार्यालय में ऐसे आयोजन संगठन की मर्यादा और अनुशासन के अनुरूप हैं?

प्रदेश प्रभारी की नसीहत, फिर भी उत्सव!

भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री विप्लव कुमार देव पहले ही नेताओं और कार्यकर्ताओं को अनावश्यक उत्सव, जन्मदिन, पदभार ग्रहण की वर्षगांठ और व्यक्तिगत आयोजनों से दूर रहने की नसीहत दे चुके हैं। प्रदेश प्रभारी ने स्पष्ट संदेश दिया था कि ऐसे फिजूलखर्ची वाले उत्सवों और व्यक्तिगत प्रचार के बजाय सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर ध्यान दिया जाए। होर्डिंग्स और उत्सव भी सरकार की योजनाओं को लेकर होने चाहिए, न कि व्यक्तिगत उपलब्धियों के प्रदर्शन के लिए।

प्रदेश प्रभारी की इस नसीहत के बावजूद प्रदेश कार्यालय में अध्यक्षीय कार्यकाल की वर्षगांठ पर तुलादान का आयोजन कई सवाल खड़े करता है। आखिर संगठन के वरिष्ठ नेतृत्व की नसीहतों को कितना गंभीरता से लिया जा रहा है? क्या संगठन में अनुशासन की बातें केवल बैठकों और मंचों तक ही सीमित रह गई हैं?

कैसे हुआ एक साल बेमिसाल

युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अपने एक वर्ष के कार्यकाल को उपलब्धियों के तौर पर प्रस्तुत कर रहे हैं, लेकिन संगठनात्मक आंकड़े भी चर्चा का विषय बने हुए हैं। भाजपा के 62 संगठनात्मक जिलों में से चार चरणों में अब तक 51 जिलों में युवा मोर्चा के जिला अध्यक्षों की नियुक्ति हो सकी है। वहीं, कई जिलों में जिला अध्यक्षों की घोषणा के बावजूद जिला कार्यकारिणी का गठन अब तक पूरा नहीं हुआ है।

ऐसे में संगठन के भीतर सवाल उठ रहे हैं कि जब सभी जिलों में संगठनात्मक ढांचा पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया, तो एक वर्ष के कार्यकाल को बेमिसाल बताने के दावों का आधार क्या है?

Created On :  

Tags

Next Story