ओडिशा सरकार का बड़ा फैसला: नवीन पटनायक-पांडियन की बढ़ी मुश्किलें, जापान से इटली तक के दौरों का खुलेगा हिसाब

डिजिटल डेस्क, भुवनेश्वर। ओडिशा की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजू जनता दल (BJD) प्रमुख नवीन पटनायक, पूर्व IAS अधिकारी वीके पांडियन और IPS अधिकारी रवि कांत की विदेश यात्राओं की जांच के आदेश दिए हैं। यह जांच साल 2022-23 और 2023-24 के दौरान की गई विदेश यात्राओं से जुड़ी है। इन दौरों पर हुए खर्च और उनसे संबंधित सरकारी रिकॉर्ड को लेकर सवाल उठाए गए थे।
मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की ओर से शनिवार को जारी जानकारी के मुताबिक, मामले की जांच सामान्य प्रशासन विभाग (General Administration Department) के प्रिंसिपल सेक्रेटरी को सौंपी गई है। उन्हें विदेश यात्राओं से जुड़े दस्तावेजों और खर्च के विवरण की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की जिम्मेदारी दी गई है।
यह भी पढ़े -मध्य प्रदेश में अब ठंड बरपाएगी कहर, भोपाल में 9, शाजापुर में 7.1 डिग्री पहुंचा पारा, इन जिलों में बारिश के आसार
जापान और इटली के दौरों पर उठे सवाल
सरकारी आदेश में नवीन पटनायक की जापान और इटली यात्राओं का विशेष रूप से जिक्र किया गया है। इन यात्राओं के दौरान वीके पांडियन और IPS अधिकारी रवि कांत भी उनके साथ थे। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने RTI के जरिए मिली जानकारी के आधार पर इन विदेशी दौरों पर हुए खर्च को लेकर सवाल उठाए हैं।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यात्राओं पर हुए खर्च का उपलब्ध ब्योरा संदिग्ध, अधूरा और पारदर्शी नहीं है। उनका यह भी कहना है कि विदेश यात्राओं से जुड़ी कुछ जानकारियां जानबूझकर सार्वजनिक नहीं की गईं, जिसके कारण अलग-अलग माध्यमों से मिले रिकॉर्ड में अंतर दिखाई देता है।
यह भी पढ़े -भोपाल पुलिस महकमे में हड़कंप!, अतिरिक्त SP दीपक मिश्रा पर प्रताड़ना और धमकी देने के आरोप, DGP से की शिकायत
RTI से मिली जानकारी के बाद जांच का फैसला
मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग RTI आवेदन दाखिल कर इन यात्राओं और उन पर हुए खर्च की जानकारी मांगी थी। इसके बाद सामने आए विवरणों में कथित विसंगतियों को लेकर शिकायतें की गईं।
इन्हीं शिकायतों और आरोपों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जांच के निर्देश दिए हैं। अब सामान्य प्रशासन विभाग की जांच में विदेश यात्राओं से जुड़े खर्च, सरकारी रिकॉर्ड और उपलब्ध दस्तावेजों की पड़ताल की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद ही इन आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
Created On :  

