दिल्ली समाचार: रिजिजू के राहुल गांधी से चार सवाल, मेघवाल बोले- विदेश जाकर देश को बदनाम करते हैं

रिजिजू के राहुल गांधी से चार सवाल, मेघवाल बोले- विदेश जाकर देश को बदनाम करते हैं
बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान भारतीय संस्थाओं, विशेषकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश करते हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने राहुल गांधी और कांग्रेस से देश की गरीबी, 1962 के चीन युद्ध और भारत की कमजोर स्थिति को लेकर चार सवाल पूछे हैं। वहीं, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने राहुल पर विदेश में भारतीय संस्थाओं को बदनाम करने और झूठा नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया।

अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश में भारत की वैश्विक स्थिति पर सवाल उठाते हैं, लेकिन उन्हें पहले कांग्रेस के शासनकाल का जवाब देना चाहिए। रिजिजू ने कांग्रेस से चार सवाल पूछते हुए कहा कि 60 साल तक सत्ता में रहने के बावजूद भारत इतना गरीब देश क्यों बना रहा? दुनिया में भारत की पहचान कभी सांप-सपेरों के देश के रूप में क्यों होती थी?

उन्होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय देश को अपमान का सामना करना पड़ा और भारतीयों को चीन के भरोसे छोड़ दिया गया। कांग्रेस को इस स्थिति के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस को बताना चाहिए कि उसने इतने वर्षों तक भारत को कमजोर राष्ट्र बनाकर क्यों रखा। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है।

वहीं, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान भारतीय संस्थाओं, विशेषकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिश करते हैं।

मेघवाल ने कहा कि देश में 2014, 2019 और 2024 में लोकसभा चुनाव हुए और सभी चुनाव संवैधानिक व्यवस्था के तहत संपन्न हुए। उन्होंने सवाल उठाया कि 2014 के चुनाव पर राहुल गांधी सवाल कैसे उठा सकते हैं, जबकि उस समय केंद्र में कांग्रेस की ही सरकार थी। मेघवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी झूठा नैरेटिव गढ़ने के लिए गलत बयान और आंकड़ों का सहारा लेते हैं। उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे दावों को स्वीकार नहीं करेगी।

-

भाजपा नेत्री केया घोष ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर किरेन रिजिजू की टिप्पणी पर कहा, "किरेन रिजिजू ने जो कहा है, वो एकदम सही कहा है। इसके साथ-साथ क्या राहुल गांधी इस बात का जवाब देंगे कि 1950 में जब संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भारत को स्थायी सीट देने की बात हो रही थी, तब नेहरू ने इनकार क्यों किया? चीन को वो स्थायी सीट क्यों दे दिया? किसके लिए वो कांग्रेस की गांधी-नेहरू परिवार काम करती थी या काम करती है? दूसरी बात यह है कि वहां पर जो 3 देश बैठे थे, वहां पर राहुल गांधी या कांग्रेस के जो प्रधानमंत्री होते, वो बिन बुलाए मेहमान की तरह किस लिए जाते? पीएम नरेंद्र मोदी हर जगह; वो SCO हो सकता है, ब्रिक्स सम्मेलन हो सकता है, क्वाड सम्मेलन हो सकता है या G20 हो, वहां पर प्रधानमंत्री केंद्र में रहते हैं, तो यहां पर जो समझौता-ग्रस्त है, वो राहुल गांधी और कांग्रेस की घटिया सोच है, कुछ और नहीं।

Created On :  

Tags

Next Story