UP Election News: यूपी चुनाव से पहले BJP ने चली OBC कार्ड की चाल! संगम लाल और संगीता बिंद को मिली बड़ी जिम्मेदारी

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत जारी है। इस बीच बीजेपी ने ओबीसी मोर्चे के राष्ट्रीय पदाधिकारियों की सूची जारी की है। इसमें यूपी से तीन नाम शामिल किए गए हैं। बीजेपी ने राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर यूपी से संगम लाल गुप्ता और डॉ. संगीता बलवंत बिंद को नियुक्त किया है, जबकि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष के पद पर राधेश्याम यादव को जिम्मेदारी सौंपी है।
आगामी चुनाव में कुशवाहा की दावेदारी!
इनके अलावा इस सूची में राहुल यादव, भुवन भूषण कमल और ऋचा राजपूत का नाम शामिल किया गया है। साथ ही सीमा समृद्धि कुशवाहा का नाम भी शामिल किया गया है। उन्हें विशेष आमंत्रित सदस्यों में से एक बनाया गया है। वह निर्भया मामले में पीड़िता की अधिवक्ता रह चुकी हैं। उन्होंने साल 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी जॉइन की थी। बताया जा रहा है कि वह अब इटावा सदर सीट से आगामी चुनाव में दावेदारी कर रही हैं।
संगम लाल गुप्ता का राजनीतिक करियर
गौरतलब है कि संगम लाल गुप्ता वैश्य समाज से आते हैं। वह साल 2017 में अपना दल (सोनेलाल) के टिकट पर प्रतापगढ़ सदर विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे और राजनीतिक सफर में अहम मुकाम हासिल किया। इसके बाद साल 2019 में बीजेपी के टिकट पर प्रतापगढ़ लोकसभा सीट से सांसद बने थे। वहीं, साल 2024 के लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने इसी सीट से उन्हें उम्मीदवार घोषित किया था, लेकिन इस सीट पर समाजवादी पार्टी के डॉ. एसपी सिंह पटेल ने उन्हें शिकस्त दी थी। इसके अलावा बीजेपी में वह ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
संगीता बलवंत बिंद का सियासी सफर
संगीता बलवंत बिंद फिलहाल राज्यसभा सांसद हैं। वह बिंद समाज से नाता रखती हैं। इसके साथ ही वह उच्च शिक्षित हैं। बिंद साल 2017 के विधानसभा चुनाव में गाजीपुर की सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ी थीं। इसमें जीत हासिल कर वह विधानसभा पहुंचीं। इतना ही नहीं, सितंबर 2021 में योगी आदित्यनाथ सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार में उन्हें जगह मिली और वह राज्यमंत्री बनाई गईं। हालांकि, साल 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। फिर बीजेपी ने साल 2024 के राज्यसभा चुनाव के लिए उन्हें उम्मीदवार घोषित किया और निर्वाचित होकर वह सांसद बनीं।
Created On :  


