विधानसभा चुनाव 2027: पंजाब में कांग्रेस का इंसाफ मार्च, राजा वड़िंग बोले- कानून-व्यवस्था बड़ा मुद्दा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कई कार्यक्रम रैली और यात्रा आयोजित कर रही है। चंडीगढ़ में कांग्रेस सांसद और पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने लुधियाना में पार्टी के 'इंसाफ मार्च' को लेकर कहा कि पंजाब के अलग-अलग शहरों और कस्बों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कहीं साइकिल यात्रा तो कहीं इंसाफ मार्च के जरिए कांग्रेस जनता के बीच पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों की शुरुआत आज से हो रही है और पार्टी पूरे पंजाब में सक्रियता बढ़ा रही है।
कांग्रेस नेता राजा वड़िंग ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक हैं। ऐसे में पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग क्षेत्रों में मिलकर काम करना होगा, ताकि जनता के बीच कांग्रेस की गतिविधियां दिखाई दें और लोगों में उत्साह पैदा हो। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था एक बड़ा मुद्दा है और इसी को लेकर पार्टी इंसाफ मार्च निकाल रही है।
यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर सरकार को घेरा
पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष की गिरफ्तारी पर भी राजा वड़िंग ने सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि यदि हाई कोर्ट ने पंजाब लोक सेवा आयोग (PPSC) की परीक्षाओं में गड़बड़ी होने की बात पर मुहर लगाई है, तो इसके खिलाफ प्रदर्शन करना जायज है। इसके बावजूद यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष को गिरफ्तार करना उचित नहीं है। राजा वड़िंग ने गिरफ्तारी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई अच्छी बात नहीं है।
कांग्रेस के इन कार्यक्रमों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में संगठन को सक्रिय करने और कानून-व्यवस्था सहित विभिन्न मुद्दों पर भगवंत मान सरकार को घेरने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
Created On :  


