Indian Economy: 'राहुल गांधी के खौफ से रातभर जाग रहे BJP मंत्री', किरेन रिजिजू पर सुप्रिया श्रीनेत का तंज

राहुल गांधी के खौफ से रातभर जाग रहे BJP मंत्री, किरेन रिजिजू पर सुप्रिया श्रीनेत का तंज
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एक पोस्ट पर सियासत गरमा गई है। उनकी पोस्ट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को टिप्पणी की है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की एक पोस्ट पर सियासत गरमा गई है। उनकी पोस्ट पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को टिप्पणी की है। इस पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने किरेन रिजिजू पर तंज कसा है। उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि क्या राहुल गांधी ने बीजेपी नेताओं की नींद उड़ा दी है? बता दें कि बीजेपी नेता किरेन रिजिजू ने करीब आधी रात को राहुल गांधी की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दी थी।

BJP पर साधा निशाना

न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने कहा, "मुझे लगता है कि उनकी उम्र में उन्हें जल्दी सोना और जल्दी उठना चाहिए, लेकिन राहुल गांधी का ये खौफ है, जिसकी वजह से सरकार के मंत्री देर रात ट्वीट करने में व्यस्त हैं। दूसरा, किरेन रिजिजू चुनिंदा आरोप लगा रहे हैं। वह दुनिया को यह नहीं बताते कि 1962 के युद्ध के बाद उनके अपने गांव पर कब्जा हुआ था, जिसे भारत ने अपने डिप्लोमैटिक चैनल के जरिए वापस हासिल कर लिया था।"

उन्होंने आगे कहा, "हकीकत ये है कि सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने एक मजबूत अर्थव्यवस्था को बनाया। कांग्रेस ने PSUs बनाए, चाहे वो AIIMS हो, IITs हों या BHEL हों, जिन संस्थानों को प्रधानमंत्री मोदी बेचने में जुटे हैं और कांग्रेस ने भारतीय अर्थव्यवस्था की ऊर्जा को गति दी।"

कारोबार के विस्तार पर क्या कहा?

कांग्रेस नेता ने बताया, "सच ये है कि इकोनॉमी का लिबरलाइजेशन हमने किया। भारतीय कारोबार और प्राइवेट सेक्टर का विस्तार कांग्रेस के शासन में हुआ। UPA के दौरान कांग्रेस ने सबसे ऊंची आर्थिक विकास दर हासिल की, जिसे प्रधानमंत्री मोदी नहीं हासिल कर सके हैं। वह GDP के आंकड़ों से बचने की कोशिश करते रहे हैं।"

यह भी पढ़े -संसद के शीतकालीन सत्र पर सस्पेंस, कांग्रेस ने सरकार से पूछे सवाल, मानसून सत्र के सत्रावसान की घोषणा कब होगी?

PM मोदी को लेकर दी प्रतिक्रिया

सुप्रिया श्रीनेत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कहा, "जब पीएम मोदी भारतीय उद्योगपतियों से यह कहते हैं कि भूख ऐसी है कि पेट नहीं भरता, तो यह उनका कबूलनामा है। यह उनका गलत कामों का नतीजा है कि अर्थव्यवस्था का विकास सही नहीं है और वह कैपिटलिज्म में इतने डूबे हुए हैं कि भारतीय कारोबारी यहां निवेश करना ही नहीं चाहते हैं।"

उन्होंने आगे बताया, "भारत से आउटबाउंड डायरेक्ट इनवेस्टमेंट 16.71 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यह पैसा भारत में निवेश होना चाहिए था। आखिर इसे विदेशों में क्यों निवेश किया जा रहा है? इसलिए मुझे नहीं लगता कि BJP के मंत्रियों को इकोनॉमी की समझ है। मुझे नहीं लगता कि वे यह समझते हैं कि निवेश भरोसे का विषय है। मुझे यह भी नहीं लगता कि वे इतिहास के सबक समझते हैं।"

Created On :  

Tags

Next Story