आकाश आनंद: आगरा की रैली में जमकर बरसे आकाश आनंद, बेरोजगारी, सुरक्षा और पेपर लीक समेत कई मुद्दों पर बीजेपी को घेरा

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की नजदीकियों को देखते हुए जुबानी जंग दिन-प्रतिदिन तेज होती जा रही है। इसी बीच BSP के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद रविवार (22 नवंबर) को आगरा पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सपा और भाजपा पर तीखा हमला बोला। आकाश आनंद ने कहा कुछ लोग कहते हैं कि वह गुस्सा बहुत करते हैं, लेकिन मैंने तय किया है कि गुस्सा नहीं करूंगा, कामकाज का हिसाब करूंगा। सभी लोग बाहर से आए हैं एक गुजरात से आए हैं, एक मठ से आए हैं, एक सैफई से आए हैं। हमें रास्ता पूछना नहीं पड़ता, हम यहीं के हैं।
बीएसपी नेता ने अस्पतालों की व्यवस्था, बेरोजगारी, सुरक्षा और पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, ''झांसी में 10 से ज्यादा नवजात बच्चों की मौत हो गई. आग से बचाव का इनके पास कोई इंतजाम नहीं है। इनके पास फर्जी तारीफ के लिए पैसे हैं, खाली पदों को भरने के लिए पैसे नहीं हैं। उत्तर प्रदेश में कोई चीज समय पर पहुंचे ना पहुंचे, उनका लीक हुआ पेपर पहुंच जाता है। नंबर वन तो बन गए, बस ये बताना भूल गए कि किस चीज में नंबर वन बन गए। हमारी बहन बेटियों को वीडियो नहीं चाहिए, उन्हें सुरक्षा चाहिए और अदालत से सजा चाहिए।''
आकाश आनंद ने आगे कहा, ''स्कूल बंद, भर्ती बंद, रोजगार खत्म, तो इस प्रदेश में क्या खुला है? ठेका खुला है और साथ में विज्ञापन के दफ्तर खुले हुए हैं। इन्होंने वादा किया था कि 2024 तक अमेरिका से अच्छे सड़क बना देंगे। 2026 भी निकल गया। इनके यहां पहले फीता कटता है, फिर सड़क भी कट जाती है, एक्प्रेसवे क्या होती है, आगरा वालों को बताने की जरूरत नहीं।''
यह भी पढ़े -UP चुनाव से पहले कांग्रेस-सपा की बैठक, इमरान मसूद बोले- गठबंधन की जीत के लिए जरूरी है बेहतर समन्वय
उन्होंने ये भी कहा, ''ये लोग कहते हैं डबल इंजन की सरकार है लेकिन जनता वहीं खड़ी है। दो दो उप मुख्यमंत्री हैं। सुनने में अच्छा लगता है कि सबको हिस्सेदारी मिल गई लेकिन पूछिए कि सुनवाई किसकी होती है? दोनों में से किसी की भी नहीं। इसे शोकेसिंग कहते हैं। ये लोग शोपीस की तरह शोकेस की तरह खड़े हैं। एक भी दलित को जगह नहीं मिली क्योंकि वो लोग हम सब से डरते हैं। इनको पता है कि जिस दिन हमारे हाथ में कलम लग गई उस दिन हिसाब चालू हो जाएगा। इनका सही नारा होना चाहिए। जनता पर महंगाई की मार, जिम्मेदार भाजपा सरकार।''
Created On :  

