UP Election 2027: यूपी चुनाव 2027 में सीटों के बंटवारे पर BJP का फॉर्मूला तैयार? सहयोगी दलों को मिल सकती हैं 55-60 सीटें

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन राजनीतिक दलों ने अपनी-अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है। इस बीच बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चर्चा सामने आई है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी अपने सहयोगी दलों को करीब 55 से 60 विधानसभा सीटें दे सकती है। वहीं, पार्टी खुद 340 से 350 सीटों पर अपने चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर सकती है।
हालांकि, गठबंधन में शामिल सहयोगी दल इस बार पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले अधिक सीटों की मांग कर रहे हैं। ऐसे में सीटों का बंटवारा बीजेपी के लिए चुनौती बन सकता है।
फिलहाल उत्तर प्रदेश में बीजेपी के साथ अपना दल (एस), राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी), निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) गठबंधन में शामिल हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव के समय बीजेपी के साथ केवल अपना दल (एस) और निषाद पार्टी थीं। इसके बाद गठबंधन का विस्तार हुआ और आरएलडी व सुभासपा भी एनडीए का हिस्सा बन गईं।
यह भी पढ़े -राहुल गांधी के 'अर्धनारीश्वर' पोस्ट पर भड़की भाजपा, कहा- वह 'सनातन धर्म के जन्मजात विरोधी'
2022 में किस पार्टी ने कितनी सीटों पर लड़ा था चुनाव?
पिछले विधानसभा चुनाव के आंकड़ों पर नजर डालें तो बीजेपी ने अपने सिंबल पर 376 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से पार्टी ने 255 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
वहीं, गठबंधन के अन्य दलों का प्रदर्शन भी अलग-अलग रहा था।
आरएलडी: राष्ट्रीय लोकदल ने 33 सीटों पर चुनाव लड़ा था। पार्टी को इनमें से 8 सीटों पर जीत मिली थी।
अपना दल (एस): पार्टी ने 17 उम्मीदवार मैदान में उतारे थे, जिनमें से 12 ने जीत हासिल की थी।
निषाद पार्टी: निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद) ने 10 सीटों पर चुनाव लड़ा था और 6 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
सुभासपा: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 19 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से 6 प्रत्याशी चुनाव जीतने में सफल रहे थे।
यह भी पढ़े -'राहुल गांधी के खौफ से रातभर जाग रहे BJP मंत्री', किरेन रिजिजू पर सुप्रिया श्रीनेत का तंज
इस बार सहयोगियों की बढ़ सकती है दावेदारी
2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के सामने पिछली बार से अलग राजनीतिक समीकरण हैं। गठबंधन में अब चार सहयोगी दल शामिल हैं। ऐसे में सभी दलों को संतुष्ट रखते हुए सीटों का बंटवारा करना पार्टी के लिए अहम होगा।
एक तरफ बीजेपी ज्यादा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है, तो दूसरी तरफ सहयोगी दल गठबंधन में अपनी बढ़ी हुई राजनीतिक ताकत के आधार पर अधिक सीटों की उम्मीद कर रहे हैं। अब देखना होगा कि चुनाव नजदीक आने के साथ सीटों के बंटवारे पर क्या सहमति बनती है।
Created On :  

