विधानसभा चुनाव 2027: अग्निवीर योजना पर अखिलेश के बयान से गरमाई सियासत, भाजपा ने 2027 में हैट्रिक का किया दावा

अग्निवीर योजना पर अखिलेश के बयान से गरमाई सियासत, भाजपा ने 2027 में हैट्रिक का किया दावा
अखिलेश यादव के सत्ता में आने पर अग्निवीर योजना खत्म करने के बयान पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सेना केंद्र सरकार के अधीन है और अखिलेश पहले यूपी में अपनी स्थिति देखें। वहीं, ओपी राजभर ने भी अखिलेश पर चुनावी हार के बहाने तलाशने का आरोप लगाया।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अग्निवीर योजना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उनकी सरकार बनने पर बंद किए गए स्कूलों को फिर से शुरू किया जाएगा। वहीं, अग्निवीर योजना खत्म करने के उनके बयान पर भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने पलटवार किया है। उन्होंने अखिलेश के दावे को 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने' करार देते हुए कहा कि भाजपा और एनडीए प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएंगे।

जगदंबिका पाल ने कहा कि अखिलेश यादव 2017 और 2022 में भी उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का सपना देख रहे थे, लेकिन जनता ने दोनों चुनावों में उन्हें नकार दिया। उनके मुताबिक, सपा सरकार के कार्यकाल में अपराधीकरण, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दे जनता को याद हैं। उन्होंने कहा कि अग्निवीर योजना केंद्र सरकार के अधीन है और सेना भी भारत सरकार के नियंत्रण में आती है। ऐसे में अखिलेश को पहले उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक स्थिति देखनी चाहिए।

दरअसल, अखिलेश यादव ने सैफई के एक मॉडल स्कूल का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पिछले दस वर्षों में स्कूल की स्थिति सुधारने के बजाय उसे खराब कर दिया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में बंद किए गए स्कूल दोबारा शुरू किए जाएंगे।

अखिलेश के बयान पर यूपी सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश कभी ईवीएम, कभी चुनाव आयुक्त और अब अधिकारियों पर आरोप लगा रहे हैं। राजभर के मुताबिक, अखिलेश चुनाव के बाद अपनी स्थिति स्पष्ट करने के लिए पहले से ही बहाने तलाश रहे हैं।

Created On :  

Tags

Next Story