विधानसभा चुनाव 2027: यूपी में महिलाओं को 20 हजार देने की तैयारी, चुनाव से पहले भाजपा का बड़ा दांव!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने महिला मतदाताओं को साधने की रणनीति तैयार की है। पार्टी की योजना बीपीएल श्रेणी के प्रत्येक परिवार की एक महिला को दो किस्तों में कुल 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की है। इसके तहत पहली और दूसरी किस्त में 10-10 हजार रुपये दिए जा सकते हैं। मिली जानकारी के मुताबिक बीजेपी प्रस्तावित योजना को चुनावी अधिसूचना जारी होने से पहले लागू करने की तैयारी है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार , दिसंबर में महिलाओं तक सहायता पहुंचाने के लक्ष्य से जनधन बैंक खातों का सत्यापन तेजी से कराया जा रहा है। प्रदेश में बीपीएल श्रेणी के करीब 3.64 करोड़ परिवार हैं। इनमें से लगभग 80 प्रतिशत परिवारों से जुड़े जनधन खातों का सत्यापन पूरा हो चुका है।
महिलाओं को यह आर्थिक मदद स्वरोजगार शुरू करने या स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर अपनी आमदनी बढ़ाने के उद्देश्य से देने पर विचार किया गया है। इसके लिए कई मॉडल पर चर्चा हुई। फिलहाल प्रत्येक बीपीएल परिवार की एक महिला को दो किस्तों में 20 हजार रुपये देने के प्रस्ताव पर सहमति बनने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़े -केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह और सीएम योगी सहित कई नेताओं ने देवउठनी एकादशी की दी बधाई व शुभकामनाएं
दरअसल, भाजपा को पिछले चुनावों में महिला वोटर्स के लिए शुरू की गई नकद सहायता योजनाओं से सकारात्मक नतीजे मिले हैं। महाराष्ट्र में माझी लाडकी बहिण योजना ने विधानसभा चुनाव से पहले महायुति को मजबूती दी थी। इसी तरह हरियाणा में लाडो लक्ष्मी योजना, बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना और असम में अरुणोदय योजना के जरिए महिला मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश की गई। मध्यप्रदेश में लाड़ली लक्ष्मी योजना में भी बीजेपी को प्रचंड जीत दिलाई थी।
इन राज्यों के अनुभव को देखते हुए भाजपा अब उत्तर प्रदेश में भी इसी रणनीति को आजमाने की तैयारी में है। भाजपा को उम्मीद है कि आर्थिक मदद की यह पहल महिला वोटर्स के बीच उसकी पकड़ मजबूत कर सकती है। हालांकि, योजना की अंतिम रूपरेखा और औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
Created On :  


