जनजातीय गौरव दिवस 2026: आरएनटीयू में विद्यार्थियों ने सीखी पारंपरिक कला की बारीकियां, गोंडी चित्रकला के रंगों में दिखी जनजातीय संस्कृति की झलक

आरएनटीयू में विद्यार्थियों ने सीखी पारंपरिक कला की बारीकियां, गोंडी चित्रकला के रंगों में दिखी जनजातीय संस्कृति की झलक
जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आरएनटीयू में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित, विशेषज्ञ कलाकार यशवंत धुर्वे ने दिया प्रशिक्षण

भोपाल। जनजातीय कला केवल रंगों और आकृतियों का मेल नहीं, बल्कि किसी समुदाय के जीवन, प्रकृति और सामूहिक स्मृतियों की अभिव्यक्ति है। इसी सांस्कृतिक विरासत से विद्यार्थियों को जोड़ने के उद्देश्य से रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) में गोंडी चित्रकला पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। जनजातीय गौरव दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने गोंडी चित्रकला की बारीकियां समझीं और स्वयं चित्र बनाकर पारंपरिक कला का अनुभव लिया।

कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय के लोक भाषा, संस्कृति एवं जनजातीय अनुसंधान केंद्र, मानविकी एवं उदार कला संकाय तथा विश्वरंग फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से किया। इसमें टैगोर प्रदर्शनकारी एवं दृश्य कला केंद्र और टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय का सहयोग रहा। कार्यक्रम टैगोर राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के मुक्तधारा सभागार में आयोजित हुआ।

कार्यशाला में टैगोर प्रदर्शनकारी एवं दृश्य कला केंद्र के प्रोफेसर इंचार्ज विनय उपाध्याय और मानविकी एवं उदार कला संकाय की डीन डॉ. रुचि मिश्रा तिवारी ने विशेषज्ञ कलाकार यशवंत धुर्वे का स्वागत किया। वहीं, लोक भाषा, संस्कृति एवं जनजातीय अनुसंधान केंद्र की प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. सावित्री सिंह परिहार ने डॉ. अर्जुन सिंह का स्वागत किया। साथ ही कार्यक्रम का संचालन करते हुए लोक भाषा, संस्कृति एवं जनजातीय अनुसंधान केंद्र के समन्वयक डॉ. वरुण चौबे ने जनजातीय गौरव दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताई।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि जनजातीय कला हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक ज्ञान का अमूल्य हिस्सा है। विद्यार्थियों को ऐसी कलाओं से जोड़ना आवश्यक है, ताकि वे इनके सांस्कृतिक महत्व को समझें और इनके संरक्षण एवं संवर्धन में अपनी भूमिका निभा सकें।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. रवि प्रकाश दुबे ने बताया कि जनजातीय समाज की पहचान उसकी कला, लोक साहित्य, संगीत, नृत्य और प्रकृति के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण में भी निहित है। गोंडी चित्रकला इसी समृद्ध परंपरा का महत्त्वपूर्ण उदाहरण है। विद्यार्थियों को कला के पीछे छिपे जीवन-दर्शन, प्रकृति-बोध और सामुदायिक स्मृतियों को समझना चाहिए।

कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी शिक्षा के साथ भारतीय कला, संस्कृति और परंपराओं से भी जुड़ें। गोंडी चित्रकला जैसी पारंपरिक कलाएं हमारी सांस्कृतिक विरासत हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में इनके संरक्षण और संवर्धन के प्रति जागरूकता विकसित करते हैं।

जंगढ़ सिंह श्याम ने गोंडी चित्रकला को दिलाई नई पहचान

वहीं विनय उपाध्याय ने गोंडी चित्रकला की ऐतिहासिक यात्रा और वैश्विक पहचान पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश के गांवों और जनजातीय बस्तियों में विकसित यह पारंपरिक कला आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कला जगत में अपनी पहचान बना चुकी है। उन्होंने प्रसिद्ध गोंड कलाकार स्वर्गीय जंगढ़ सिंह श्याम के योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि भारत भवन, भोपाल की स्थापना के समय जंगढ़ सिंह श्याम ने अपनी विशिष्ट कलाकृतियों के माध्यम से इस कला को अभिव्यक्ति दी।

पारंपरिक कलाओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी

लोक भाषा, संस्कृति एवं जनजातीय अनुसंधान केंद्र की प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. सावित्री सिंह परिहार ने कहा कि सामाजिक और सांस्कृतिक बदलावों के बीच कई पारंपरिक कलाएं विलुप्ति की ओर बढ़ रही हैं। ऐसे में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए सार्थक प्रयास जरूरी हैं।

विद्यार्थियों ने खुद बनाए गोंडी चित्र

कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण विशेषज्ञ कलाकार यशवंत धुर्वे का व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को गोंडी चित्रकला की विशिष्ट शैली, पारंपरिक आकृतियों और चित्र निर्माण की तकनीकों से परिचित कराया।

उन्होंने बताया कि इस चित्रकला में प्रकृति का विशेष स्थान है। पेड़-पौधे, पशु-पक्षी, वन्यजीव और जनजातीय जीवन से जुड़ी आकृतियां इसकी प्रमुख विशेषताएं हैं। बिंदुओं, रेखाओं, छोटे-छोटे आकारों और रंगों के संयोजन से चित्रों को जीवंत बनाया जाता है। इन आकृतियों में लोकविश्वासों और प्रकृति से जुड़े सांस्कृतिक अनुभवों की अभिव्यक्ति होती है।

उन्होंने चित्र निर्माण की विभिन्न तकनीकों का प्रदर्शन किया। इसके बाद विद्यार्थियों ने स्वयं चित्र बनाकर अपनी रचनात्मकता दिखाई। उन्होंने पारंपरिक आकृतियों को समझते हुए अपने विचारों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया।

अनुभवात्मक शिक्षा का मंच बनी कार्यशाला

विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने कार्यशाला में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस आयोजन ने उन्हें पारंपरिक कलाकारों से सीधे संवाद करने और जनजातीय जीवन, प्रकृति तथा संस्कृति को करीब से समझने का अवसर दिया।

कार्यशाला ने यह संदेश दिया कि जनजातीय कला के संरक्षण के लिए केवल उसका दस्तावेजीकरण पर्याप्त नहीं है। इसके लिए नई पीढ़ी को इन कलाओं से जोड़ना और इनके अभ्यास को प्रोत्साहित करना भी जरूरी है। इस तरह आयोजन ने अकादमिक शिक्षा को पारंपरिक ज्ञान और व्यावहारिक अनुभव से जोड़ने का प्रयास किया।

Created On :  

Tags

Next Story