Bhopal News: छात्र की मौत पर परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम, जेल प्रशासन पर लगाए आरोप, कार्रवाई की मांग

छात्र की मौत पर परिजनों ने शव रखकर किया चक्काजाम, जेल प्रशासन पर लगाए आरोप, कार्रवाई की मांग
भोपाल में शुक्रवार को 21 वर्षीय बीकॉम छात्र हर्षित राजपूत की इलाज के दौरान मौत को लेकर परिजनों ने हंगामा कर दिया। पोस्टमार्टम में देरी से नाराज परिजन शव को स्ट्रेचर पर रखकर मुख्यमंत्री निवास की ओर निकले और चक्का जाम कर दिया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल में शुक्रवार को 21 वर्षीय बीकॉम छात्र हर्षित राजपूत की इलाज के दौरान मौत को लेकर परिजनों ने हंगामा कर दिया। पोस्टमार्टम में देरी से नाराज परिजन शव को स्ट्रेचर पर रखकर मुख्यमंत्री निवास की ओर निकले और चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके 7 थानों की पुलिस तैनात रही। परिजनों ने प्रशासन को एक दिन में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। कार्रवाई नहीं होने पर दोबारा प्रदर्शन और नर्मदापुरम हाईवे जाम करने की चेतावनी दी गई है।

परिजनों का आरोप है कि हर्षित दो महीने से बीमार था। परिवार ने इलाज के लिए चार बार कोर्ट में आवेदन दिए, लेकिन उसे सरकारी अस्पताल रेफर नहीं किया गया। हालत बिगड़ने पर बुधवार शाम उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात मौत हो गई। इलाज के दौरान वह वेंटिलेटर पर था और उसके पैरों में बेड़ियां बंधी हुई थीं। मृतक के भाई आशीष चौहान ने आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम के बाद शाम 6 बजे पुलिस ने एंबुलेंस दिए बिना शव सौंप दिया। परिजनों ने जेल अधीक्षक और जेलर की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने कहा हर्षित के खिलाफ पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं था और उसे झूठे मामले में फंसाया गया था। वही जेल सुपरिंटेंडेंट के मुताबिक हर्षित को उल्टी-दस्त की शिकायत थी। जेल डॉक्टर उसका लगातार इलाज कर रहे थे। इसकी जानकारी कोर्ट को भी दी गई थी। वहीं न्यायिक अभिरक्षा में मौत होने के चलते मामले की न्यायिक जांच शुरू हो गई है।

पॉलिटेक्निक से न्यू मार्केट रोड तक जाम लगा

प्रदर्शन के चलते पॉलिटेक्निक से न्यू मार्केट की ओर आने वाली सड़क पर लंबा जाम लग गया। परिजन स्ट्रेचर पर शव रखकर लगातार आगे बढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े रहे। परिजनों ने एक दिन का अल्टीमेटम दिया है। लगातार उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारियों पर इसका असर नहीं हो रहा है।

Created On :  

Tags

Next Story