RNTU Google AI Educator Workshop: आरएनटीयू में गूगल एआई एजुकेटर सीरीज वर्कशॉप का आयोजन, 200 से अधिक शिक्षकों ने सीखे गूगल के एआई टूल्स

आरएनटीयू में गूगल एआई एजुकेटर सीरीज वर्कशॉप का आयोजन, 200 से अधिक शिक्षकों ने सीखे गूगल के एआई टूल्स
गूगल फॉर एजुकेशन के विशेषज्ञ आकाश मुखर्जी ने दिया प्रशिक्षण, शिक्षकों ने हासिल किए गूगल बैज

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय (आरएनटीयू) में 20 नवंबर को Google AI Educator Series Workshop का आयोजन किया गया। AISECT इंडिया की ओर से आयोजित इस कार्यशाला में शिक्षकों को शिक्षा, शोध और अकादमिक गतिविधियों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के उपयोग की व्यावहारिक जानकारी दी गई।

कार्यशाला में Google for Education के राजस्थान के डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम मैनेजर आकाश मुखर्जी ने प्रशिक्षण दिया। इसमें आरएनटीयू और एसजीएसयू के 200 से अधिक शिक्षक प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। वहीं, एआईएसईसीटी समूह के विभिन्न विश्वविद्यालयों के 30 से अधिक शिक्षक ऑनलाइन जुड़े।

कार्यक्रम की शुरुआत एसजीएसयू के डीन एकेडमिक्स डॉ. वी.के. गुप्ता द्वारा अतिथि के स्वागत से हुई। इसके बाद डायरेक्टर एकेडमिक्स डॉ. पूजा चतुर्वेदी ने स्वागत उद्बोधन दिया।

कार्यशाला में शिक्षकों ने गूगल के विभिन्न एआई टूल्स का इस्तेमाल करना सीखा। इसमें विद्यार्थियों की व्यक्तिगत जरूरतों के अनुसार मल्टीमॉडल और बहुभाषी स्टडी गाइड तैयार करना शामिल था। इसके साथ ही Gemini Canvas की मदद से इंटरैक्टिव सिमुलेशन और वेबपेज बनाने की प्रक्रिया समझाई गई। शिक्षकों को अकादमिक शोध में एआई के उपयोग की जानकारी भी दी गई। इसमें साहित्य समीक्षा (लिटरेचर रिव्यू) और विभिन्न आंकड़ों के विश्लेषण जैसे विषय शामिल रहे।

कार्यशाला को केवल सैद्धांतिक जानकारी तक सीमित नहीं रखा गया। शिक्षकों ने विभिन्न टूल्स पर स्वयं अभ्यास किया। इससे उन्हें शिक्षण और शोध कार्यों में एआई के व्यावहारिक उपयोग को समझने का अवसर मिला।

इस दौरान शिक्षकों ने Google Badging गतिविधियों में भी हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने Google Badge 1 और 2 हासिल किए। यह उनकी एआई दक्षता बढ़ाने और तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

प्रो-चांसलर डॉ. अदिति चतुर्वेदी वत्स ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और संभावनाओं के नए द्वार खोल रहा है। शिक्षकों को इन तकनीकों से निरंतर अपडेट रहना चाहिए, ताकि वे विद्यार्थियों की बदलती शैक्षणिक आवश्यकताओं के अनुरूप अधिक प्रभावी, रचनात्मक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियां विकसित कर सकें।

कुलगुरु प्रो. आर.पी. दुबे ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर पैदा कर रहा है। शिक्षकों को इन तकनीकों की जानकारी और व्यावहारिक समझ होना जरूरी है। इससे शिक्षण प्रक्रिया अधिक प्रभावी और विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बन सकेगी।

विश्वविद्यालय की कुलसचिव डॉ. संगीता जौहरी ने कहा कि शिक्षा में तकनीक का प्रभावी उपयोग समय की जरूरत है। इस तरह की कार्यशालाएं शिक्षकों को नई तकनीकों से जोड़ती हैं। साथ ही उन्हें अपने शिक्षण और शोध कार्यों में नवाचार के लिए प्रेरित करती हैं।

कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को उभरती एआई तकनीकों से परिचित कराना और उन्हें अकादमिक कार्यों में प्रभावी ढंग से इस्तेमाल करने के लिए सक्षम बनाना था। इस पहल से शिक्षा में नवाचार, डिजिटल सशक्तीकरण और तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।

Created On :  

Tags

Next Story