उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस गठबंधन पर NDA का तंज, बोले खींचतान में ही कच्ची रह जाएगी खिचड़ी

डिजिटल डेस्क, दिल्ली । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन तथा सीट बंटवारे को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। दोनों दलों के बीच चल रही बातचीत पर भाजपा और एनडीए के नेताओं ने तंज कसते हुए इसे आपसी खींचतान और स्वार्थ का गठबंधन बताया है। वहीं, भाजपा नेताओं ने प्रदेश में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने का दावा किया है।
यह भी पढ़े -यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सियासी घमासान, भाजपा ने साधा निशाना तो प्रियंका चतुर्वेदी ने दी नसीहत
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों दल चाहें तो खिचड़ी पकाएं या उनकी खिचड़ी कच्ची रह जाए, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। सपा-कांग्रेस सत्ता में आने वाली नहीं हैं और भाजपा सत्ता से जाने वाली नहीं है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। साथ ही कहा कि जनता अखिलेश यादव की साइकिल पंचर कर देगी।
केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने एनडीए में किसी तरह की खींचतान से इनकार किया। उन्होंने कहा कि गठबंधन में सभी बातें तय हैं और जल्द ही सार्वजनिक कर दी जाएंगी। सपा-कांग्रेस की सीट शेयरिंग पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि दोनों के बीच बातचीत को तालमेल कहना उचित नहीं होगा, इसे खींचतान कहा जा सकता है।
यह भी पढ़े -यूपी में सपा-कांग्रेस के बीच सीटों पर मंथन, सीटों को लेकर दोनों दलों की ओर से प्रस्ताव पर प्रस्ताव, किस फार्मूले पर बनेगी सहमति?
राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी विपक्षी गठबंधन को स्वार्थ पर आधारित बताया। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन इसी तरह चलता रहेगा, लेकिन चुनाव के नतीजे एनडीए के पक्ष में आएंगे।
वहीं, यूपी सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सपा-कांग्रेस की बैठक और 26 सीटों की चर्चा को लेकर कांग्रेस पर तंज कसा। उन्होंने इसे कांग्रेस के लिए राजनीतिक 'पॉकेट मनी' बताते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच विश्वास और एकता की कमी है। वे केवल अपने राजनीतिक हित साधने के लिए गठबंधन का दिखावा कर रहे हैं।
Created On :  

