पंजाब विधानसभा चुनाव 2027: भाजपा-अकाली गठबंधन पर सियासी संग्राम, केजरीवाल बोले- हमारा गठबंधन जनता से, कांग्रेस ने कहा अवसरवादी

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के गठबंधन ने सियासी हलचल तेज कर दी है। गठबंधन को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP), कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। अरविंद केजरीवाल ने जहां भाजपा-अकाली दल के साथ आने को सत्ता की राजनीति बताया, वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे पंजाब में बदलाव की शुरुआत करार दिया। उन्होंने 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दोहराया।
यह भी पढ़े -अकाली दल से होगा पंजाब का अगला सीएम, अमित शाह ने किया ऐलान, 6 साल बाद एक साथ आए BJP-अकाली दल, पंजाब को नशामुक्त बनाने एजेंडा तय
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी पार्टी का गठबंधन पंजाब के अनुसूचित जाति समाज, किसानों और व्यापारियों के साथ है। उन्होंने कहा कि दूसरी पार्टियां सत्ता के लिए कभी साथ आती हैं तो कभी अलग हो जाती हैं। केजरीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि उनकी सरकार ने पांच साल में पंजाब को सुधारने के लिए मेहनत की है।
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने भी भाजपा-अकाली गठबंधन को अवसरवादी राजनीति बताया। उन्होंने 750 किसानों की शहादत का हवाला देते हुए कहा कि यह पंजाब के लोगों के साथ द्रोह है। उन्होंने इस गठबंधन को प्रदेश के हितों के खिलाफ बताते हुए खारिज किया।
दूसरी ओर, अमित शाह ने AAP सरकार पर वादे पूरे नहीं करने और नशे की समस्या को नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा और अकाली दल मिलकर पंजाब में नशे और भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए काम करेंगे। शाह के मुताबिक, किसानों की समस्याओं, आर्थिक विकास और युवाओं के रोजगार को लेकर सुखबीर सिंह बादल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच तीन महीने की चर्चा के बाद रोडमैप तैयार किया गया है।
शाह ने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब को नशामुक्त बनाना NDA का प्रमुख लक्ष्य होगा। साथ ही हिंदू-सिख भाईचारे को मजबूत करने और राष्ट्रवादी शक्तियों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता आगामी चुनाव में NDA को समर्थन देगी।
Created On :  

