यूपी विधानसभा चुनाव 2027: अखिलेश के सामने गठबंधन की चुनौती, कांग्रेस को साथ रखें या अकेले लड़ें चुनाव? बिहार-महाराष्ट्र के नतीजों से क्या सबक लेगी सपा?

अखिलेश के सामने गठबंधन की चुनौती, कांग्रेस को साथ रखें या अकेले लड़ें चुनाव? बिहार-महाराष्ट्र के नतीजों से क्या सबक लेगी सपा?
बिहार और महाराष्ट्र के चुनावी नतीजों के बीच यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन पर सवाल उठ रहे हैं। अखिलेश यादव कांग्रेस को सीमित सीटें देकर गठबंधन बचाएंगे या अकेले चुनाव लड़ने का जोखिम उठाएंगे, यह फैसला 2027 में भाजपा को चुनौती देने की रणनीति तय करेगा।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। बीजेपी को सत्ता से बाहर करने के लिए इंडिया गठबंधन के दो प्रमुख दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस साथ तो हैं, लेकिन सीटों के बंटवारे पर दोनों के बीच खींचतान जारी है। कांग्रेस जहां सम्मानजनक हिस्सेदारी चाहती है, वहीं सपा अपनी राजनीतिक ताकत के मुताबिक उसे सीमित सीटें देने के मूड में है। ऐसे में सवाल है कि अगर दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बनी तो क्या होगा? क्या अखिलेश यादव कांग्रेस से अलग होकर अकेले चुनाव लड़ने का रास्ता चुनेंगे? बिहार में आरजेडी और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे तथा शरद पवार की पार्टियों के चुनावी नतीजों ने इस बहस को और महत्वपूर्ण बना दिया है।

बिहार-महाराष्ट्र के नतीजे: क्षेत्रीय दलों के सामने गठबंधन का सवाल

कांग्रेस के साथ गठबंधन करने वाले क्षेत्रीय दलों के सामने सबसे बड़ा सवाल चुनावी लाभ का है। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में तेजस्वी यादव के नेतृत्व वाले महागठबंधन को करारी हार का सामना करना पड़ा। आरजेडी 25 सीटों पर सिमट गई, जबकि कांग्रेस को केवल छह सीटें मिलीं। बिहार की राजनीति में मजबूत जनाधार रखने वाली आरजेडी के लिए यह बड़ा झटका था।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में भी महाविकास अघाड़ी का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। उद्धव ठाकरे की शिवसेना (यूबीटी) को 20, शरद पवार की एनसीपी (एसपी) को 10 और कांग्रेस को 16 सीटें मिलीं। तीनों दल मिलकर भी भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन को चुनौती नहीं दे पाए।

इन नतीजों ने क्षेत्रीय दलों के सामने सवाल खड़ा किया कि कांग्रेस के साथ गठबंधन से उन्हें कितना चुनावी लाभ मिला? क्या कांग्रेस का सीमित जनाधार और संगठनात्मक कमजोरी सहयोगी दलों की संभावनाओं को भी प्रभावित करती है? हालांकि, दोनों राज्यों की हार के लिए केवल गठबंधन को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। स्थानीय समीकरण, नेतृत्व, उम्मीदवारों का चयन और चुनावी रणनीति भी नतीजों को प्रभावित करने वाले कारक रहे।

2022 और 2024 के चुनावों में सपा-कांग्रेस की ताकत

उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति समझने के लिए पिछले चुनावों के आंकड़े अहम हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा ने 347 सीटों पर चुनाव लड़कर 111 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस 399 सीटों पर चुनाव लड़ने के बावजूद केवल दो सीटें जीत पाई थी। 397 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई थी।

इसके उलट 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने गठबंधन के तहत थोड़ा बेहतर प्रदर्शन किया। सपा ने 37 और कांग्रेस ने 6 लोकसभा सीटें जीतीं। इस प्रदर्शन ने दोनों दलों के बीच राजनीतिक तालमेल की संभावनाओं को भी सामने रखा।

यही आंकड़े सीटों के बंटवारे की खींचतान की एक बड़ी वजह हैं। सपा का राजनीतिक आधार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से व्यापक रहा है। ऐसे में पार्टी सीटों का बंटवारा लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के बजाय विधानसभा क्षेत्रों में उम्मीदवारों की वास्तविक ताकत के आधार पर करना चाहती है।

दूसरी तरफ कांग्रेस लोकसभा चुनाव में मिले समर्थन, राहुल गांधी की राष्ट्रीय भूमिका और अपने प्रभाव वाले क्षेत्रों के आधार पर अधिक सीटें चाहती है। कई खबरों से मिली जानकारी के मुताबिक कांग्रेस की शुरुआती मांग 181 सीटों तक बताई गई थी, लेकिन बाद में 100 से 120 सीटों तक की मांग की चर्चा सामने आई। वहीं, सपा की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव भी चर्चा में है। हालांकि, दोनों दलों के बीच अंतिम सहमति का इंतजार है। अब देखना है सपा कांग्रेस को कितनी सीट देती है। और क्या गठबंधन में दोनों दल एक साथ चुनाव लड़ने में कितने सफल होते है?

अकेले चुनाव लड़ने पर सपा को क्या मिलेगा?

अगर कांग्रेस और सपा के बीच सीटों को लेकर सहमति नहीं बनती है तो अखिलेश यादव के सामने अकेले चुनाव लड़ने का विकल्प भी होगा। इसके तहत सपा सभी 403 सीटों पर अपनी राजनीतिक ताकत के अनुसार उम्मीदवार उतार सकती है। उसे कांग्रेस के लिए सीटें छोड़ने की बाध्यता नहीं होगी और पार्टी अपने संगठन तथा पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समीकरण पर स्वतंत्र रूप से काम कर सकेगी।

लेकिन अकेले चुनाव लड़ने की चुनौतियां भी कम नहीं हैं। कांग्रेस के अलग चुनाव लड़ने से कुछ विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा विरोधी मतों का बंटवारा हो सकता है। खासकर उन सीटों पर जहां दोनों दलों का अपना-अपना मतदाता आधार है। ऐसे में गठबंधन टूटने का असर केवल सपा और कांग्रेस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चुनावी मुकाबले की तस्वीर भी बदल सकती है।

गठबंधन टूटने से भाजपा को मिलेगा मौका?

इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा की रणनीति भी महत्वपूर्ण है। विपक्षी दलों के बीच सीटों का तालमेल नहीं बनना और अलग-अलग चुनाव लड़ना भाजपा विरोधी मतों के बंटवारे का कारण बन सकता है। दूसरी तरफ सपा के सामने गैर-यादव पिछड़े वर्गों और दलित मतदाताओं के बीच अपना आधार बढ़ाने की चुनौती है।

कांग्रेस के पास भी प्रदेश के कुछ इलाकों में पारंपरिक राजनीतिक प्रभाव और अपना संगठन है। यदि दोनों दल अपनी-अपनी मजबूत सीटों की पहचान कर एक-दूसरे के लिए जगह बनाते हैं तो गठबंधन की चुनावी रणनीति अलग रूप ले सकती है। इसलिए सीटों की संख्या के साथ-साथ यह देखना भी जरूरी होगा कि किस दल के उम्मीदवार किन क्षेत्रों में जीतने की स्थिति में हैं।

अखिलेश के सामने असली परीक्षा

अखिलेश यादव के लिए बिहार में तेजस्वी यादव और महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे तथा शरद पवार के चुनावी अनुभवों का अध्ययन करना जरूरी है, लेकिन उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक समीकरण अलग हैं। दोनों दलों के सामने सीटों की संख्या से बड़ा सवाल राजनीतिक हिस्सेदारी और चुनावी लाभ का है। सपा को यह देखना होगा कि कांग्रेस को साथ रखने से किन क्षेत्रों में फायदा मिल सकता है और अलग चुनाव लड़ने पर किन सीटों पर नुकसान की आशंका है। वहीं कांग्रेस को भी अपने पिछले विधानसभा प्रदर्शन और मौजूदा संगठनात्मक स्थिति को ध्यान में रखकर सीटों पर दावा करना होगा।

2027 की लड़ाई में अखिलेश यादव के सामने सबसे बड़ा सवाल यही होगा कि कांग्रेस के साथ चलने और अकेले मैदान में उतरने, दोनों स्थितियों में सपा की राजनीतिक रणनीति क्या होगी? सीटों का बंटवारा केवल संख्या का खेल नहीं, बल्कि प्रदेश के सामाजिक समीकरण, उम्मीदवारों की क्षमता और भाजपा के खिलाफ विपक्षी वोटों के तालमेल से जुड़ा मामला है। दोनों दलों के बीच बातचीत का नतीजा ही तय करेगा कि यूपी की चुनावी जंग में इंडिया गठबंधन किस रूप में मैदान में उतरेगा।

Created On :  

Tags

Next Story