विपक्ष पर हमला: 2029 में भी लाल किले से देश को संबोधित करेंगे PM मोदी, नितिन नवीन का राहुल गांधी पर तंज, कहा - सपने देखते रहें

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी 2029 में भी लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने सपने देखते रहें, क्योंकि देश का युवा, किसान, महिलाएं, मजदूर और समाज का हर वर्ग प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है।
नितिन नवीन तेलंगाना के करीमनगर में आयोजित 'सेव डेमोक्रेसी, रिमूव एनार्की' पदयात्रा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने राहुल गांधी की ओर से उठाए जा रहे 'वोट चोरी' के मुद्दे पर भी जवाब दिया। उन्होंने दावा किया कि देश की जनता का समर्थन BJP और प्रधानमंत्री मोदी के साथ है। करीमनगर के लोगों ने भी अपने समर्थन से इसे जाहिर किया है।
यह भी पढ़े -पार्टी की संवाद शैली से अलग संजय नगाइच का अंदाज, पत्रकारों को थमाए करोड़ों के लीगल नोटिस!
राहुल गांधी के 13 करोड़ वोट कटने के दावे पर उठाए सवाल
राहुल गांधी की ओर से 13 करोड़ वोट कटने के दावे पर नितिन नवीन ने आंकड़ों का हवाला देते हुए सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में 6 करोड़ से ज्यादा लोग अपना निवास स्थान बदल चुके हैं। तेलंगाना में भी लाखों लोगों ने अपने वोट दूसरी जगह ट्रांसफर कराए हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या एक व्यक्ति को दो अलग-अलग जगहों पर मतदान करने की अनुमति दी जानी चाहिए?
उन्होंने आगे दावा किया कि बाकी 3 करोड़ लोगों के बारे में चुनाव आयोग ने 2003 में भी जानकारी जुटाई थी। उनके मुताबिक, इन लोगों का स्पष्ट रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है और राहुल गांधी ऐसे ही लोगों के समर्थन में आवाज उठा रहे हैं।
'घुसपैठियों के वोट की वकालत करते हैं राहुल गांधी'
नितिन नवीन ने राहुल गांधी पर घुसपैठियों के वोट का समर्थन करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन के नेताओं ने पूरी ताकत लगाने के बावजूद दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी भीड़ नहीं जुटा पाई। वहीं, BJP कार्यकर्ताओं ने 200 से ज्यादा स्थानों पर रामलीला मैदान से भी बड़ी संख्या में लोगों को एकत्र किया।
उन्होंने विपक्ष पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसके बावजूद BJP को जनता का समर्थन मिल रहा है। नवीन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जनता के विश्वास से तय होती है और देश के लोग प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भरोसा जता रहे हैं।
आपातकाल का जिक्र कर कांग्रेस पर साधा निशाना
BJP अध्यक्ष ने कांग्रेस के लोकतंत्र से जुड़े बयानों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सत्ता और अपनी कुर्सी बचाने के लिए देश में आपातकाल लगाया था, वे आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि वे देश के अंदर और विदेशों में भी भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देते हैं। नवीन के मुताबिक, राहुल गांधी अलग-अलग मंचों पर भारतीय अर्थव्यवस्था को संकट में बताते हैं, जबकि भारत आर्थिक विकास के मामले में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने दावा किया कि भारत 'फ्रैजाइल फाइव' देशों की सूची से बाहर निकलकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
तेलंगाना की कांग्रेस सरकार को भी घेरा
करीमनगर में अपने संबोधन के दौरान नितिन नवीन ने तेलंगाना की कांग्रेस सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और BJP के कार्यकर्ता सरकार को उसके कामकाज के लिए जवाबदेह ठहराएंगे।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि साल 2014 में देश की जनता ने उन्हें अपना जनादेश दिया था। तब से वे राष्ट्र की सेवा में जुटे हुए हैं।
नवीन ने कांग्रेस और BJP की राजनीति में अंतर बताते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए राजनीति सत्ता और विशेषाधिकार हासिल करने का जरिया रही है, जबकि BJP सत्ता को व्यक्तिगत लाभ के बजाय जनता की सेवा का माध्यम मानती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी सेवक की भूमिका को सही मायने में नहीं समझा।
Created On :  


