विधानसभा चुनाव 2027: यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच माथापच्ची, जीत के लक्ष्य और सहमति से होगा सीटों का बंटवारा

यूपी में सीट शेयरिंग को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच माथापच्ची, जीत के लक्ष्य और सहमति से होगा सीटों का बंटवारा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने सीट बंटवारे को लेकर औपचारिक बातचीत शुरू कर दी है। दिल्ली में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक में दोनों दलों के नेताओं ने जीत की संभावना के आधार पर सीटें तय करने पर जोर दिया। कांग्रेस ने दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने गठबंधन की तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को दिल्ली में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर बैठक आयोजित हो रही है। इसमें सपा की ओर से रामगोपाल यादव, इकरा चौधरी, राजीव राय और श्यामलाल पाल शामिल हुए। वहीं, कांग्रेस की ओर से उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद समेत अन्य नेता पहुंचे।

बैठक से पहले प्रमोद तिवारी ने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हो रही है। सीटों का बंटवारा आपसी सम्मान और सहमति के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन का लक्ष्य ऐसी सीटें हासिल करना है, जहां जीत की संभावना सबसे अधिक हो। दोनों दल मिलकर दो-तिहाई बहुमत के साथ सरकार बनाने की कोशिश करेंगे। तिवारी ने भाजपा के राजनीतिक सफर का उदाहरण देते हुए कहा कि जब भाजपा ने दो लोकसभा सीटों से शुरुआत की थी, तब भी उसने आगे बढ़कर सरकार बनाई। ऐसे में कांग्रेस और सपा अपनी ताकत मिलाकर उत्तर प्रदेश में सरकार क्यों नहीं बना सकते?

बैठक को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने भी सकारात्मक रुख दिखाया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों के बीच सीट बंटवारे को लेकर कोई विवाद या वैचारिक मतभेद नहीं है। बातचीत अच्छे माहौल में होगी और सब कुछ ठीक से तय हो जाएगा।

इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने भाजपा के नारे 'राधे-राधे, कमल खिला दे' पर तंज कसते हुए कहा कि पहले भगवान राम नाराज थे और अब भगवान कृष्ण नाराज हैं। फिलहाल दोनों दलों की बातचीत का केंद्र जीतने योग्य सीटों की पहचान और आपसी सहमति से सीटों का बंटवारा है। इस बैठक के नतीजों पर यूपी में विपक्षी गठबंधन की आगे की रणनीति निर्भर करेगी।

Created On :  

Tags

Next Story