विधानसभा चुनाव 2027: बसपा की कमान संभालने को तैयार आकाश! आगरा से 2027 के लिए फूंका चुनावी बिगुल

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की राजनीति में कभी चार बार सत्ता संभालने वाली बहुजन समाज पार्टी अब 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पार्टी के सामने अपने परंपरागत दलित वोट बैंक को एकजुट रखने और सियासी जमीन मजबूत करने की चुनौती है। इसी बीच आगरा के एत्मादपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने अपने तेवरों से नई राजनीतिक भूमिका के संकेत दिए। मंच पर उनके लिए मायावती की तरह अलग कुर्सी रखी गई थी। उनके संबोधन में भी बसपा सुप्रीमो की आक्रामक शैली की झलक दिखाई दी।
आकाश आनंद ने भाजपा, सपा और कांग्रेस तीनों को निशाने पर लिया। भाजपा को बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई और दलित प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर घेरा। वहीं, सपा पर पदोन्नति में आरक्षण के विरोध और रामगोपाल यादव की टिप्पणी को लेकर हमला बोला। बसपा शासनकाल की योजनाओं, यमुना एक्सप्रेसवे, भूमि पट्टों और सरकारी भर्तियों का जिक्र कर उन्होंने मायावती के कार्यकाल को पार्टी के राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रखा।
खास बात यह रही कि आकाश ने पारंपरिक राजनीतिक मुद्दों के साथ एक्सेल शीट, डाटा पॉइंट और सोशल मीडिया मीम्स जैसे आधुनिक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। इसके जरिए युवाओं, किसानों और कारीगरों तक पार्टी का संदेश पहुंचाने की कोशिश की।
सम्मेलन में समर्थकों का उत्साह भी देखने को मिला। कुछ समर्थक नीले रंग से सजी प्रचार साइकिल लेकर पहुंचे, जबकि कुछ शरीर पर नीला रंग लगाकर और बहुजन समाज लिखवाकर आए। कार्यकर्ताओं हाथों में भी पार्टी और आकाश के समर्थन में तख्तियां नजर आईं।
आपको बता दें पिछले छह महीनों में यह बसपा का तीसरा बड़ा सम्मेलन है। एत्मादपुर की धरती पर 1996, 2007 और 2012 में बसपा जीत दर्ज कर चुकी है। ऐसे में यहां से आकाश आनंद की सक्रियता को 2027 के लिए पार्टी के नए नेतृत्व और चुनावी रणनीति के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
Created On :  

