UP Politics: आकाश आनंद ने बीजेपी पर बोला हमला, कहा - 10 साल में न रोजगार मिला, न शिक्षा और सुरक्षा

आकाश आनंद ने बीजेपी पर बोला हमला, कहा - 10 साल में न रोजगार मिला, न शिक्षा और सुरक्षा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं।

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद लगातार जनसभाओं के जरिए लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने बिजनौर के अफजलगढ़ में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जनता से मायावती को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने की अपील करते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में यह संदेश पहुंचना चाहिए कि अगली बार यूपी की कमान फिर मायावती के हाथों में होगी।

आकाश आनंद ने गन्ना किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि गन्ना, चीनी और गुड़ उत्पादन के मामले में बिजनौर प्रदेश में अग्रणी है, लेकिन यहां के किसानों की जिंदगी में कड़वाहट घुली हुई है। चीनी मिलों पर किसानों का बकाया भुगतान लंबित है। जो किसान पूरे देश का पेट भरते हैं, उन्हें अपने ही मेहनत के पैसे के लिए हाथ फैलाने पड़ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसानों को उनका हक समय पर क्यों नहीं मिल रहा है?

बीजेपी सरकार पर विज्ञापन और बेरोजगारी को लेकर निशाना

बीएसपी नेता ने बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 10 साल में सरकार किसानों की इस समस्या का समाधान नहीं कर पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने अपनी छवि चमकाने के लिए विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए। करीब 7 हजार करोड़ रुपये के विज्ञापनों के जरिए सरकार खुद को विकसित और शिक्षित सरकार बताने में जुटी रही, जबकि जमीनी हालात कुछ और हैं।

आकाश आनंद ने झांसी के अस्पताल में बच्चों की सुरक्षा, सरकारी विभागों में खाली पदों और पेपर लीक की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार के पास बच्चों को आग से बचाने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। प्रदेश में करीब 13 लाख पद खाली पड़े हैं, लेकिन युवाओं को रोजगार देने के लिए भर्तियां नहीं की जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक दशक में बीजेपी सरकार महिलाओं को सुरक्षा, युवाओं को नौकरी और बच्चों को बेहतर शिक्षा देने में नाकाम रही है।

एनकाउंटर और कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

आकाश आनंद ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी बीजेपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार खुद को एनकाउंटर वाली सरकार बताती है, लेकिन जनता पुलिस की कार्रवाई की हकीकत जानती है। उन्होंने कथित फर्जी एनकाउंटर का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या प्रदेश की जनता ऐसी सरकार को फिर से मौका देना चाहेगी?

उन्होंने कहा कि मनुवादी सोच रखने वाले लोग उनकी आवाज दबाने की कोशिश करते हैं। बीजेपी सरकार ने न तो युवाओं के लिए रोजगार के पर्याप्त अवसर तैयार किए और न ही शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर काम किया। उनके मुताबिक, स्कूल बंद होने और रोजगार के अवसरों की कमी से बच्चों और युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता पर उठाए सवाल

बीएसपी नेता ने बीजेपी के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने प्रदेश की सड़कों को अमेरिका से बेहतर बनाने का वादा किया था, लेकिन एक्सप्रेस-वे की हालत ही इन दावों की पोल खोल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई एक्सप्रेस-वे निर्माण के कुछ ही महीनों बाद धंसने लगे। वहीं, नोएडा-आगरा एक्सप्रेस-वे का उदाहरण देते हुए कहा कि उसकी गुणवत्ता और मजबूती से सबक लेने की जरूरत थी।

आकाश आनंद ने तंज कसते हुए कहा कि नकल करने के लिए भी अक्ल की जरूरत होती है। उन्होंने महंगाई के मुद्दे पर बीजेपी के खिलाफ लगाए जाने वाले नारे 'जनता पर महंगाई की मार, भाजपा जिम्मेदार' का समर्थन किया। साथ ही आरोप लगाया कि जब भी सरकार से महंगाई और दूसरे मुद्दों पर सवाल पूछे जाते हैं, तो जवाब देने के बजाय हिंदू-मुस्लिम का मुद्दा उठा दिया जाता है।

सपा-कांग्रेस को भी बताया बीजेपी जैसा

जनसभा में आकाश आनंद ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये दोनों पार्टियां भी बीजेपी से अलग नहीं हैं और जनता के सामने अपने कामकाज का ठोस हिसाब नहीं रख पा रही हैं। उन्होंने पीडीए के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरते हुए कहा कि दो साल बीतने के बाद भी ये पार्टियां ऐसा कोई काम नहीं बता सकतीं, जिसके आधार पर जनता उनसे सवाल न करे।

उन्होंने राहुल गांधी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे बाबा साहेब की किताब दिखाते हैं, लेकिन जहां उनकी पार्टी की सरकारें हैं, वहां भी नीतियां बीजेपी सरकार जैसी ही हैं। आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल उपलब्धियों का श्रेय लेने में आगे रहते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाओं पर उनकी सरकारें भी सवालों के घेरे में हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज की घटनाएं भी इन पार्टियों के शासन में हुई हैं।

Created On :  

Tags

Next Story