MP News: भोपाल के होटल में बजरंग दल की रेड, आधार कार्ड में नाम बदलकर युवती को लेकर पहुंचा युवक, वीडियो आया सामने

भोपाल के होटल में बजरंग दल की रेड, आधार कार्ड में नाम बदलकर युवती को लेकर पहुंचा युवक, वीडियो आया सामने
राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र स्थित हिमतारा होटल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक युवक और युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राजधानी भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र स्थित हिमतारा होटल में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक युवक और युवती को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि युवक ने हिंदू युवती के आधार कार्ड में नाम से छेड़छाड़ कर उसे रुबीना बी के नाम से एडिट किया था। इसके बाद वह युवती को लेकर होटल पहुंचा था। मामले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के दौरान युवक और युवती भागने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान सलमान खान के रूप में हुई है। वह हर्राखेड़ा का निवासी बताया जा रहा है। वहीं, युवती सिरोंज की रहने वाली है और भोपाल में अपने मामा के घर रह रही थी। दोनों ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के हिमतारा होटल पहुंचे थे। इसी दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ता वहां पहुंच गए।

कार्यकर्ताओं को देखकर भागने लगे युवक-युवती

बताया जा रहा है कि होटल में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं को देखकर युवक और युवती वहां से निकलने की कोशिश करने लगे। हालांकि, कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़ लिया और बाद में उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, युवक को भेजा जेल

मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने धारा 420 और 151 के तहत कार्रवाई करते हुए सलमान खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आधार कार्ड में कथित तौर पर नाम बदलने और होटल में पहचान से जुड़े मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Created On :  

Tags

Next Story