Bhopal News: हैदराबाद के बाद भोपाल को मिला हॉकी का बड़ा सम्मान, FIH ने जारी किया कैटेगरी-1 सर्टिफिकेट

हैदराबाद के बाद भोपाल को मिला हॉकी का बड़ा सम्मान, FIH ने जारी किया कैटेगरी-1 सर्टिफिकेट
मध्यप्रदेश के खेल जगत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र दिया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश के खेल जगत के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। राजधानी भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के हॉकी मैदान को इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (FIH) ने कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र दिया है। इस उपलब्धि के साथ भोपाल देश का दूसरा शहर बन गया है, जहां इस श्रेणी का अंतर्राष्ट्रीय स्तर का हॉकी मैदान है। इससे पहले हैदराबाद को यह उपलब्धि मिली थी। मध्यप्रदेश में यह पहला हॉकी मैदान है, जिसे FIH से कैटेगरी-1 की मान्यता मिली है।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि 6 नवंबर 2026 को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ की टीम ने मैदान का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान मैदान को महासंघ के तय तकनीकी मानकों के अनुरूप पाया गया। इसके बाद FIH ने इसे कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र जारी किया। यह प्रमाणपत्र 6 नवंबर 2029 तक मान्य रहेगा।

19 नवंबर से महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन

भोपाल के इस मैदान पर पहला बड़ा अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंट 19 नवंबर से खेला जाएगा। यहां महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन होना है। इसमें एशिया की कई शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी।

FIH से मान्यता मिलने के बाद इस आयोजन के लिए भोपाल की अहमियत और बढ़ गई है। साथ ही शहर के इस मैदान पर भविष्य में भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिताएं आयोजित करने की संभावनाएं मजबूत हुई हैं।

मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि यह उपलब्धि मध्यप्रदेश में बेहतर खेल सुविधाएं तैयार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे प्रदेश को अंतर्राष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए अपनी दावेदारी मजबूत करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही प्रदेश के युवा हॉकी खिलाड़ियों को भी बेहतर मैदान पर अभ्यास करने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा।

उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खेल विभाग, निर्माण एजेंसी और परियोजना से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी।

क्या है FIH कैटेगरी-1 प्रमाणपत्र?

अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) दुनिया में हॉकी से जुड़े नियम और मैदानों के तकनीकी मानक तय करता है। कैटेगरी-1 उसके द्वारा दी जाने वाली उच्च श्रेणी की मान्यता है।

इस प्रमाणपत्र के लिए मैदान की एस्ट्रोटर्फ सतह, उसकी गुणवत्ता और समतलता, गेंद की रफ्तार और उछाल, पानी की निकासी, खेल क्षेत्र का आकार और सुरक्षा से जुड़े मानकों की जांच की जाती है।

कैटेगरी-1 का प्रमाणपत्र मिलने का मतलब है कि मैदान इन अंतर्राष्ट्रीय तकनीकी मानकों पर खरा उतरा है और बड़े स्तर की हॉकी प्रतियोगिताओं के लिए उपयुक्त है। हालांकि, इस मान्यता से किसी भी टूर्नामेंट की मेजबानी अपने आप तय नहीं होती। इसके लिए संबंधित खेल संस्था की दूसरी जरूरी शर्तों को भी पूरा करना होता है।

Created On :  

Tags

Next Story