MP News: कृष्ण पर बयान से भड़का विवाद, छतरपुर में आमने-सामने आए यादव महासभा और बागेश्वर धाम समर्थक

कृष्ण पर बयान से भड़का विवाद, छतरपुर में आमने-सामने आए यादव महासभा और बागेश्वर धाम समर्थक
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान को लेकर छतरपुर में यादव महासभा के विरोध प्रदर्शन के बीच बागेश्वर धाम समर्थकों ने हाईवे जाम कर दिया। तनाव की आशंका के चलते भारी पुलिस बल तैनात है।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित बयान पर विवाद बढ़ गया है। शुक्रवार को छतरपुर में यादव महासभा के प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। महासभा के विरोध में बागेश्वर धाम के समर्थकों ने बृजपुरा के पास फोरलेन हाईवे जाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।

स्थिति को देखते हुए छतरपुर रेलवे स्टेशन और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी रजत सकलेचा ने कहा कि विरोध प्रदर्शन करना संवैधानिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए प्रशासन की अनुमति और कानूनी प्रक्रिया का पालन जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई होगी।

एएसपी आदित्य पटले ने बताया कि कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और दोनों पक्षों से बातचीत की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और पुलिस किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्क है।

यादव महासभा ने आरोप लगाया है कि कथित बयान से भगवान श्रीकृष्ण और यादव समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसी के विरोध में महासभा ने 13 नवंबर को छतरपुर से बागेश्वर धाम तक रैली निकालने और धाम में तालाबंदी का ऐलान किया था।

प्रदर्शन के दौरान महासभा के कुछ कार्यकर्ताओं के पुलिस बैरिकेडिंग पार कर फोरलेन ब्रिज तक पहुंचने की खबर है। पुलिस ने उन्हें रोकने और दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से बचाने के लिए मोर्चा संभाला। कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

Created On :  

Tags

Next Story