MP News: मंत्री नागर सिंह चौहान का कथित ऑडियो वायरल, महिला से बातचीत में इंदौर में 23 लाख का प्लॉट खरीदने की चर्चा का दावा

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री नागर सिंह चौहान से जुड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में एक महिला के वीडियो सामने आने के बाद शुरू हुआ मामला अब कथित ऑडियो वायरल होने तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर करीब पांच मिनट से अधिक का एक ऑडियो प्रसारित हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि इसमें मंत्री नागर सिंह चौहान और खुद को रश्मि नागर सिंह चौहान बताने वाली महिला के बीच बातचीत है।
वायरल ऑडियो में कथित तौर पर दोनों के बीच व्हाट्सऐप कॉल पर बातचीत होने की बात कही जा रही है। बातचीत में इंदौर में प्लॉट खरीदने का जिक्र भी सुनाई देने का दावा है। प्लॉट की कीमत करीब 23 लाख रुपए के आसपास होने की बात सामने आ रही है। ऑडियो में महिला मंत्री से मिलने के लिए सुरक्षित जगह की जरूरत बताती हुई भी सुनाई देने का दावा किया जा रहा है। महिला की ओर से मंत्री के बिना नहीं रह पाने जैसी बातें कहे जाने की भी चर्चा है।
हालांकि, सोशल मीडिया पर प्रसारित इस ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में किसी आधिकारिक पुष्टि या प्रमाणित जांच की जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले वीडियो जारी कर 20 साल के रिश्ते का किया था दावा
दरअसल, 28-29 अक्टूबर को एक महिला ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर मंत्री नागर सिंह चौहान के साथ करीब 20 साल से संबंध होने का दावा किया था। महिला ने अपना नाम रश्मि नागर सिंह चौहान बताया था। उसने दावा किया था कि जब वह 18 साल की थी, तभी से मंत्री के साथ उसका रिश्ता है।
महिला ने मंत्री की पत्नी और भाजपा सांसद अनिता चौहान पर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए थे। उसने यह भी दावा किया था कि उसे और उसके बेटे को मैसेज भेजकर परेशान किया जा रहा है। महिला ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी शिकायत कर न्याय की मांग की थी।
उस समय महिला ने चेतावनी दी थी कि वह मंत्री के घर जाएगी और उसके साथ कोई अनहोनी होती है तो इसके लिए मंत्री की पत्नी और उनका परिवार जिम्मेदार होगा।
दूसरे ही दिन महिला ने जारी किया था सफाई वाला वीडियो
इस पूरे विवाद में 30 अक्टूबर को नया मोड़ आया था। महिला ने एक और वीडियो जारी कर अपने पहले लगाए गए आरोपों पर सफाई दी थी। उसने कहा था कि वह उस समय तनाव और परेशानी में थी, इसलिए उसने पहले वीडियो बनाया था। उसका मंत्री और उनके परिवार को बदनाम करने का कोई इरादा नहीं था।
महिला ने अपने नए वीडियो में नागर सिंह चौहान और उनकी पत्नी अनिता चौहान के साथ अच्छे संबंध होने की बात कही थी। उसने यह भी कहा था कि उसके और मंत्री के बीच कोई विवाद नहीं है।
मंत्री ने आरोपों को बताया था राजनीति से प्रेरित
इससे पहले 29 और 30 अक्टूबर को प्रकाशित खबरों में भी इस पूरे विवाद का जिक्र किया गया था। मंत्री नागर सिंह चौहान ने महिला से पारिवारिक संबंध होने की बात स्वीकार की थी, लेकिन उसके आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताया था। सांसद अनिता चौहान ने भी महिला के आरोपों से इनकार किया था।
31 अक्टूबर को महिला के बयान से पलटने का श नए वीडियो और उसके द्वारा पहले लगाए गए आरोपों पर सफाई देने का उल्लेख किया गया था।
अब नए ऑडियो से फिर चर्चा में आया मामला
अब करीब 10-12 दिन बाद कथित बातचीत का ऑडियो सामने आने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में है। पहले महिला के वीडियो, फिर उसके बयान से पलटने और अब कथित ऑडियो में प्लॉट खरीदने की बातचीत के दावे ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Created On :  


