MP News: शिवराज सिंह चौहान की मां के निधन पर भोपाल में शांति भोज, राजनाथ सिंह-ओम बिरला समेत कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माताजी के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए देशभर के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के प्रमुख लोगों का भोपाल पहुंचना जारी है। इसी कड़ी में गुरुवार को राजधानी के नर्मदापुरम रोड स्थित वृंदावन गार्डन में त्रयोदशी शांति भोज का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम में केंद्र और विभिन्न राज्यों की सरकारों के मंत्री, मुख्यमंत्री और वरिष्ठ राजनीतिक नेता शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। कई बड़े नेताओं के भोपाल पहुंचने का कार्यक्रम भी तय है।
राजनाथ सिंह, ओम बिरला और योगी आदित्यनाथ भी पहुंचेंगे भोपाल
शांति भोज में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। इनके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी कार्यक्रम में पहुंचेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, राजनाथ सिंह और ओम बिरला शाम करीब 4:40 बजे भोपाल पहुंचेंगे, जबकि योगी आदित्यनाथ का आगमन सुबह 11:55 बजे प्रस्तावित है।
इनके अलावा पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा, महाराष्ट्र के कृषि मंत्री दत्तात्रेय विठोबा भरणे, मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना और अन्य राज्यों के कृषि मंत्री भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
बड़े नेताओं और विशिष्ट अतिथियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की हैं। वृंदावन गार्डन और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम में देशभर से आने वाले अतिथियों की मौजूदगी को देखते हुए व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Created On :  
