MP News: बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धार में होने वाले कार्यक्रम से जुड़ेंगे, प्रदेशवासियों को करेंगे संबोधित

बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए धार में होने वाले कार्यक्रम से जुड़ेंगे, प्रदेशवासियों को करेंगे संबोधित
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव धार जिले में करेंगे रोड-शो और डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना लोकार्पण, 85 ग्राम पंचायतों में लगेंगी कृषि चौपाल और पाठशालाएं

डिजिटल डेस्क, भोपाल। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जयंती (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) के मौके पर राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 14 नवम्बर को जबलपुर, 15 नवम्बर को धार, जोबट (जिला आलीराजपुर) और 16 नवंबर को खंडवा में राज्यस्तरीय आयोजन में शामिल होंगे। धार जिले में 15 नवम्बर को होने वाले राज्यस्तरीय समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़ेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। वहीं धार में रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ग्रामीणों के बीच जायेंगे और उनसे संवाद कर सरकारी योजनाओं का फीडबैक लेंगे। मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना (स्वामित्व अधिकार पंजीयन) के तहत पात्र पट्टे धारकों के प्लाट और मकान की रजिस्ट्री को लेकर भी कार्य होंगे।

मुख्यमंत्री डही माइक्रो लिफ्ट इरीगेशन प्रोजेक्ट का लोकार्पण करेंगे। इससे धार और आलीराजपुर जिले में किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। यानी इस परियोजना से कुल 126 गांवों के किसानों को लाभ होगा। प्रोजेक्ट से धार जिले के 84 और अलीराजपुर जिले के 42 गांवों की लगभग 47 हजार हेक्टेयर कृषि भूमि को रबी मौसम में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे लगभग 1 लाख 26 हजार किसान लाभान्वित होंगे। परियोजना के जरिए 166.51 मिलियन घनमीटर जल उद्वहन कर 47000 हेक्टेयर क्षेत्र में सूक्ष्म सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। परियोजना के संचालन के लिए 58.87 मेगावाट विद्युत मप्र पॉवर ट्रांसमिशन कम्पनी लिमिटेड कुक्षी तहसील क्षेत्र में स्थित 220 केवी अति उच्च दाब सुसारी सब-स्टेशन और जोबट स्थित 132 केवी सब-स्टेशन से विद्युत आपूर्ति करेगा। परियोजना से धार जिले की कुक्षी तहसील क्षेत्र में 13180 हेक्टेयर और डही तहसील क्षेत्र में 15895 हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी। इसी परियोजना से आलीराजपुर जिले की जोबट तहसील क्षेत्र में 15963 हेक्टेयर, सोण्डवा तहसील क्षेत्र में 1759 हेक्टेयर और अलीराजपुर तहसील क्षेत्र में 1958 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई होगी। परियोजना से गेहूं, चना, सब्जियों और चारा फसलों का उत्पादन बढ़ेगा। सरकार ने सभी कलेक्टरों और जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास विभाग के जिलाधिकारियों को 88 जनजातीय विकास खंडों में जनजातीय गौरव दिवस के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

आधुनिक तकनीक से बनी परियोजना की हो रही टेस्टिंग

करीब 1353.18 करोड़ रुपए की लागत से नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण ने परियोजना का निर्माण कार्य पूरा किया है। फिलहाल टेस्टिंग का काम चल रहा। परियोजना की विशेषता इसकी आधुनिक तकनीक है। इंटेक संरचना के जरिए पानी को दबावयुक्त भूमिगत पाइपलाइन से किसानों के खेतों तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पांच आधुनिक पम्प हाउस बनाए गए हैं। इसमें लगभग 58 किलोमीटर राइजिंग मेन तथा हजारों किलोमीटर वितरण क्षमता वाली पाइपलाइन्स का निर्माण किया गया है। 11 से 15 नवम्बर तक परियोजना क्षेत्र की 85 ग्राम पंचायतों में कृषि चौपाल और कृषि पाठशालाएं आयोजित होंगी। लोकार्पण समारोह में आधुनिक खेती की तस्वीर दिखाई देगी। स्मार्ट किसान एवं प्रेसिजन फार्मिंग की लाइव प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

Created On :  

Tags

Next Story